(रणभेरी): उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय की शुक्रवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत के बाद वे बेहोश हो गए। आनन-फानन में उन्हें मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू हुआ और बाद में उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया।
डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर ब्रेन स्ट्रोक और हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए कई जरूरी जांच कराईं। जानकारी के मुताबिक, जिस समय उनकी तबीयत बिगड़ी, वे पार्टी मुख्यालय में एक कार्यक्रम में मौजूद थे। अचानक असहज महसूस होने पर वे वहां से अपने आवास के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत और खराब हो गई और वे बेहोश हो गए।
कार्यक्रम के दौरान बिगड़ी हालत
शुक्रवार को लखनऊ में कांग्रेस की ओर से श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अजय राय पार्टी के वरिष्ठ नेता को एयरपोर्ट छोड़कर लौटे थे। इसके बाद जब वे फिर से पार्टी कार्यालय पहुंचे, तभी उन्हें सीने में दर्द और घबराहट महसूस हुई।
स्थिति बिगड़ने पर उन्हें पहले घर ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में हालत ज्यादा खराब होने पर सीधे अस्पताल ले जाया गया।
जांच में क्या सामने आया
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इमरजेंसी में भर्ती करने के बाद उनका ब्लड टेस्ट कराया गया। हार्ट अटैक की जांच के लिए जरूरी ट्रॉपोनिन टेस्ट (ट्रॉप टी और ट्रॉप आई) किए गए, जो सामान्य पाए गए। साथ ही ब्रेन से जुड़ी किसी समस्या की आशंका को देखते हुए सीटी स्कैन भी कराया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि शरीर में सोडियम का स्तर कम होने के कारण उन्हें कमजोरी और बेहोशी महसूस हुई थी। फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में है और वे होश में हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
पीएम मोदी ने जताई चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अजय राय के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
