UP प्रवक्ता भर्ती परीक्षा 9-10 मई को, 4.64 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल; 30 अप्रैल से जानें परीक्षा जनपद, 6 मई से एडमिट कार्ड डाउनलोड

UP प्रवक्ता भर्ती परीक्षा 9-10 मई को, 4.64 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल; 30 अप्रैल से जानें परीक्षा जनपद, 6 मई से एडमिट कार्ड डाउनलोड

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रवक्ता भर्ती (विज्ञापन संख्या-02/2022) के अंतर्गत 624 पदों के लिए लिखित परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 9 और 10 मई को आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश भर से लगभग 4,64,605 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 17 जनपदों में कुल 319 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। वाराणसी में सर्वाधिक 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

आयोग के अनुसार, परीक्षा दोनों दिनों में दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा आगरा, अलीगढ़, प्रयागराज, आजमगढ़, बरेली, बस्ती, बांदा, अयोध्या, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, मीरजापुर, मुरादाबाद, सहारनपुर और वाराणसी समेत विभिन्न जनपदों में आयोजित होगी।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने जानकारी दी कि अभ्यर्थी 30 अप्रैल से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने परीक्षा जनपद की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा। हालांकि, यह सूचना केवल परीक्षा केंद्र के जिले की जानकारी हेतु होगी, इसे प्रवेश पत्र नहीं माना जाएगा।

प्रवेश पत्र 6 मई से वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *