वाराणसी (रणभेरी): फूलपुर थाना क्षेत्र में हुए व्यापारी हत्याकांड को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। घटना की जानकारी लेने पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं को पुलिस ने गांव में प्रवेश से रोक दिया, जिसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित सपा नेताओं ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, भरथरा घमहापुर गांव से करीब चार किलोमीटर पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सपा प्रतिनिधिमंडल को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़’, पूर्व पार्षद एवं मेयर प्रत्याशी ओपी सिंह, चंदौली सांसद के प्रतिनिधि नवीन सिंह ‘बबलू’ सहित कई नेता मौके पर मौजूद थे। नेताओं का आरोप है कि प्रशासन उन्हें जानबूझकर गांव में प्रवेश नहीं करने दे रहा, ताकि पुलिस की कथित लापरवाही पर पर्दा डाला जा सके।
धरने के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। सपा नेता गांव में जाकर पीड़ित परिवार से मिलने की मांग पर अड़े रहे।
मामले की पृष्ठभूमि
बताया जा रहा है कि बीते रविवार रात एक मामूली विवाद के बाद 36 वर्षीय व्यापारी मनीष सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि एक महिला को कार से टक्कर लगने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मनीष पर हमला कर दिया। हमलावरों ने गंभीर मारपीट के बाद उनकी जान ले ली। इस संबंध में मृतक के परिजन की शिकायत पर कई नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद से गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

परिजनों की मांगें
पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही, परिवार को आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग उठाई गई है। सपा नेताओं ने परिवार से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
