वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने करीब 35 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को सुनसान खेत में फेंक दिया। अपराधियों ने महिला की पहचान छिपाने के लिए उसके सिर और चेहरे पर पत्थरों से कई वार किए।
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे तो वहां महिला का शव पड़ा देखकर इलाके में सनसनी फैल गई। सबसे पहले हरपालपुर गांव में इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शव गांव से बाहर एक निर्जन स्थान पर मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। मौके से एक आधार कार्ड भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर महिला की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई जा सके। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस ने जिले भर के थानों में दर्ज गुमशुदगी और अपहरण के मामलों की पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के गांवों में पूछताछ कर संभावित सुराग तलाशे जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।
