PM मोदी के वाराणसी दौरे से पहले ट्रैफिक अलर्ट: दो दिन शहर में डायवर्जन, बस-भारी वाहनों की एंट्री बंद

PM मोदी के वाराणसी दौरे से पहले ट्रैफिक अलर्ट: दो दिन शहर में डायवर्जन, बस-भारी वाहनों की एंट्री बंद

वाराणसी (रणभेरी ): प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस विभाग ने वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जिसके तहत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के संचालन में बदलाव किया गया है।

मंगलवार को दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक तथा अगले दिन सुबह 4 बजे से 10 बजे तक शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। इस दौरान सामान्य बसों और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर आंशिक या पूर्ण रोक लगाई गई है। केवल कार्यक्रम से संबंधित वाहनों को ही निर्धारित क्षेत्रों में जाने की अनुमति होगी।

शहर में प्रवेश करने वाली रोडवेज, प्राइवेट और टूरिस्ट बसों को बाहरी क्षेत्रों में ही रोका जाएगा। प्रयागराज, मीरजापुर और सोनभद्र की दिशा से आने वाली बसों को मोहनसराय क्षेत्र तक सीमित रखा जाएगा, जबकि जौनपुर रूट की बसें हरहुआ रिंग रोड तक ही संचालित होंगी। गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को भी रिंग रोड के पास ही डायवर्ट किया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल के आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के मद्देनजर सख्त पाबंदियां लागू की गई हैं। बीएलडब्ल्यू परिसर और उससे जुड़े प्रमुख चौराहों—सिनेमा हॉल तिराहा, सेंट्रल मार्केट, सूर्य सरोवर, गोमती मार्केट सहित कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। यहां केवल अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा।

भारी वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रधानमंत्री के आगमन से कुछ समय पहले ही बाबतपुर क्षेत्र से शहर में इनका प्रवेश रोक दिया जाएगा और वैकल्पिक मार्गो की ओर मोड़ा जाएगा। कई प्रमुख चौराहों जैसे लहरतारा, महमूरगंज, चांदपुर, भिखारीपुर और नरिया पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।

बुधवार को भी सुबह 6 बजे से 10 बजे तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव जारी रहेगा। इस दौरान शहर के प्रमुख इलाकों—रथयात्रा, गोदौलिया, चेतगंज, मच्छोदरी और सोनारपुरा सहित अन्य क्षेत्रों में वाहनों का संचालन नियंत्रित रहेगा।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। किसी भी समस्या की स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था केवल सुरक्षा और सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के लिए की गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था न हो।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *