वाराणसी (रणभेरी): नगर निगम के कोतवाली जोन में पराड़कर भवन के समीप नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय के बंद पाए जाने पर महापौर ने गंभीर नाराजगी जताई है। निरीक्षण के दौरान जब शौचालय बंद मिला तो उन्होंने मौके पर मौजूद जिम्मेदारों से जवाब तलब किया, लेकिन संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर उन्होंने संचालक पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश जारी किए।
महापौर अशोक तिवारी इन दिनों चल रहे साप्ताहिक महा-अभियान के तहत क्षेत्रीय निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने मैदागिन स्थित कोतवाली जोन का दौरा किया, जहां सफाई व्यवस्था, जलभराव और अतिक्रमण की स्थिति देखकर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया और तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के आदेश दिए।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर जलभराव और गंदगी पाए जाने पर भी महापौर ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता पर सुधारते हुए जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
अतिक्रमण और जलभराव पर भी सख्त निर्देश
महापौर ने मैदागिन चौराहे के पास स्थित संकटहरण महादेव मंदिर के सामने जलभराव की समस्या को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कोतवाली चौकी के पास टाउन हॉल की बाउंड्री से लगी सड़क को चौड़ा करने की कार्यवाही तेज करने को कहा।
अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज के सामने नाली पर वाहनों के अवैध खड़े होने और उससे नाली अवरुद्ध होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। इस पर उन्होंने तत्काल अतिक्रमण हटाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए। वहीं, कॉलेज के पास स्थित एक भवन के खिलाफ नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
सीवर और नालों की सफाई पर जोर
निरीक्षण के दौरान गोदौलिया-चौक मार्ग पर नालों और गलीपीट की तत्काल सफाई व मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बाबू नंदन चौरसिया पान दुकान के सामने तथा पराड़कर भवन क्षेत्र में नालियों की स्थिति सुधारने को कहा गया।

काल भैरव मंदिर के समीप सीवर चेंबर में जमा सिल्ट की सफाई कराने और टाउन हॉल के पीछे अवैध रूप से लगाए गए रेलिंग व कब्जों को हटाने के निर्देश भी महापौर ने दिए। महापौर ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और क्षेत्र में स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था को हर हाल में सुचारु किया जाए।
