दुर्गाकुंड में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों के आग्रह पर बिना पोस्टमार्टम हुआ अंतिम संस्कार

दुर्गाकुंड में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों के आग्रह पर बिना पोस्टमार्टम हुआ अंतिम संस्कार

वाराणसी (रणभेरी): दुर्गाकुंड क्षेत्र स्थित कबीर नगर कॉलोनी में एक वृद्ध महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 70 वर्षीय माधुरी विश्वास के रूप में हुई है, जो बीएचयू अस्पताल से सेवानिवृत्त नर्स थीं और फ्लैट में अकेले रहती थीं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह माधुरी विश्वास ने अस्पताल जाने के लिए एक कैब बुक की थी। जब चालक निर्धारित समय पर उनके फ्लैट पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कॉल करने पर भी फोन रिसीव नहीं हुआ। इसी दौरान दूध सप्लाई करने वाला व्यक्ति भी पहुंचा, लेकिन दरवाजा बंद ही रहा। स्थिति संदिग्ध लगने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर दुर्गाकुंड चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद पुलिस फ्लैट के भीतर दाखिल हुई, जहां महिला का शव बेड पर मिला। मौके की स्थिति को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में संकेत मिला कि महिला ने रात में स्नान किया था और उसके बाद कपड़े बदले थे।

मृतका की बेटी, जो सऊदी अरब में रहती हैं, उनको इस घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से अपनी मां को देखा और पुलिस को बताया कि उनकी मां पहले से हृदय रोग से पीड़ित थीं और अक्सर अस्वस्थ रहती थीं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछली रात करीब 10 बजे उनकी मां से बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने अगले दिन अस्पताल जाने की बात कही थी।

बेटी ने पुलिस अधिकारियों को लिखित अनुरोध भेजकर कहा कि उनकी मां की मृत्यु स्वाभाविक प्रतीत होती है, इसलिए पोस्टमार्टम न कराया जाए। परिजनों के इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को रिश्तेदारों के सुपुर्द कर दिया। बाद में परिजनों द्वारा अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और परिजनों के बयान के आधार पर मामला स्वाभाविक मृत्यु का प्रतीत होता है। हालांकि, आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *