वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में जूनियर क्लर्क भर्ती प्रक्रिया को लेकर उपजा विवाद अब एक व्यापक आंदोलन का रूप ले चुका है। पिछले तीन दिनों से बड़ी संख्या में कर्मचारी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं।
धरना स्थल पर आज रीबू श्रीवास्तव पहुंचे और उन्होंने आंदोलनरत कर्मचारियों को समर्थन दिया। उन्होंने प्रशासन और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों की उपेक्षा करना उचित नहीं है और यह कदम उनके साथ अन्याय के समान है।

कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से सेवा दे रहे कर्मियों को पहले नियमित किया जाए और उसके बाद ही नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। उनका आरोप है कि प्रशासन उनकी मांगों की अनदेखी कर रहा है और उन्हें दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
धरना दे रहे कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक किया जाएगा। स्थिति के चलते परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।
