कोडीन कांड में प्रदीप जायसवाल के परिजन घेरे में, वैभव जायसवाल की मां-पत्नी समेत 5 गिरफ्तार

कोडीन कांड में प्रदीप जायसवाल के परिजन घेरे में, वैभव जायसवाल की मां-पत्नी समेत 5 गिरफ्तार

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में चर्चित कोडीन कफ सिरप प्रकरण में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए खुलासे सामने आ रहे हैं। समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल के भतीजे वैभव जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में महिलाओं की संलिप्तता भी सामने आई है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि वैभव से जुड़े नेटवर्क में उसकी पत्नी, मां समेत कुल पांच महिलाओं के नाम पर अवैध कमाई से शराब के ठेके संचालित किए जा रहे थे। यह ठेके कथित रूप से कफ सिरप के अवैध कारोबार से अर्जित धन को वैध बनाने का माध्यम थे।

महिलाओं के नाम पर चल रहा था नेटवर्क

कोतवाली क्षेत्र के एसीपी विजय प्रताप सिंह के अनुसार, इस पूरे खेल में भोला जायसवाल (जो वर्तमान में सोनभद्र जेल में बंद है) की अहम भूमिका सामने आई है। उसने लॉटरी प्रणाली के जरिए वैभव की मां राधिका और पत्नी शिवांगी समेत अन्य महिलाओं-उषा देवी, रेखा देवी और बबिता सिंह के नाम पर शराब के लाइसेंस दिलवाए थे।

जांच में यह भी सामने आया कि इन ठेकों के जरिए काले धन को सफेद किया जा रहा था, जिससे पूरे सिंडिकेट का दायरा और व्यापक प्रतीत होता है।

पूछताछ में खुला मनी लॉन्ड्रिंग का जाल

हाल ही में गिरफ्तार किए गए वैभव जायसवाल से पूछताछ के दौरान पुलिस को इस नेटवर्क के कई अहम सुराग मिले। अधिकारियों के मुताबिक, शुभम जायसवाल और भोला जायसवाल ने अवैध कमाई को शराब कारोबार में निवेश कर उसे वैध दिखाने की कोशिश की। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर संबंधित लाइसेंसधारकों को हिरासत में लिया और न्यायालय में पेश किया।

कोर्ट से मिली राहत

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर 14 दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य न होने के कारण अदालत ने सभी महिलाओं को तत्काल रिहा कर दिया।

मुख्य आरोपी अब भी फरार

इस पूरे मामले का कथित मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *