24 साल पुराने हमले का ट्रायल तेज, धनंजय सिंह ने कोर्ट में गवाहों पर उठाए सवाल

24 साल पुराने हमले का ट्रायल तेज, धनंजय सिंह ने कोर्ट में गवाहों पर उठाए सवाल

पूर्व सांसद ने आरोपी विधायक अभय सिंह के गवाहों से फिर जिरह की मांग की, कोर्ट ने अगली तारीख 11 मार्च तय की

वाराणसी (रणभेरी): टकसाल सिनेमा के पास 24 साल पहले पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर हुए जानलेवा हमले से जुड़े मामले का ट्रायल अब तेज हो गया है। मंगलवार को विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए कोर्ट) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में धनंजय सिंह पेश हुए।

आरोपी विधायक अभय सिंह के वकीलों ने अदालत में बहस की। इस दौरान धनंजय सिंह ने धारा 311 के तहत कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल कर बचाव पक्ष के गवाहों और सबूतों पर सवाल उठाए। पूर्व सांसद ने कहा कि आरोपी के गवाहों से उन्हें फिर से जिरह करने की अनुमति दी जाए और न्याय की प्राप्ति में मदद की जाए। कोर्ट ने उनका आवेदन स्वीकार कर अगली सुनवाई की तारीख 11 मार्च तय की।

मामले की शुरूआत में प्ली ऑफ एलीबाई से जुड़े गवाह तलब किए गए थे। पिछले सप्ताह डॉक्टर अरविंद कुमार सिंह और फार्मासिस्ट सुभाकर यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए और उनकी जिरह पूरी हो चुकी है। अब अगली कड़ी में दूसरे गवाहों को तलब किया जाएगा।

धनंजय सिंह ने बताया कि घटना के समय आरोपी अभय सिंह फैजाबाद के एक सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहे थे। इलाज कर रहे डॉक्टर और फार्मासिस्ट ने पूरी जानकारी कोर्ट को दी है।

घटना का पूरा विवरण

धनंजय सिंह 4 अक्टूबर 2002 को अपने साथियों के साथ सफारी वाहन से वाराणसी से जौनपुर लौट रहे थे। उस समय वे जौनपुर की रारी सीट से निर्दलीय विधायक बने थे। इसी दौरान कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर में टकसाल सिनेमा हॉल के पास बोलेरो सवार अभय सिंह और उनके 4–5 साथियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

हमले में धनंजय सिंह, उनके गनर और चालक समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल में भर्ती कराया गया। हमलावर मौके से फरार हो गए।

इस मामले में धनंजय सिंह ने अभय सिंह, विनीत सिंह (वर्तमान एमएलसी), संदीप सिंह, संजय रघुवंशी, विनोद सिंह और सतेंद्र सिंह बबलू समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने संदीप, संजय, विनोद और सतेंद्र के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया।

धनंजय सिंह ने आरोप लगाया कि उनके और अभय सिंह के बीच छात्र जीवन से ही रंजिश रही है। उन्होंने कहा कि अभय सिंह कई बार उन्हें मारने की कोशिश कर चुका है और उत्तर प्रदेश में आतंक फैलाता है। पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि अभय सिंह व्यापारियों से रंगदारी वसूलता है और भाड़े पर हत्याएं कराता है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *