वाराणसी (रणभेरी): भोजपुरी सुपरस्टार एवं सांसद मनोज तिवारी बुधवार को वाराणसी स्थित सिगरा स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भाग ले रहे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्टेडियम की आधुनिक खेल सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की सराहना की।
मीडिया से बातचीत करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि आज का बनारस उन्हें बिल्कुल नया नजर आ रहा है। उन्होंने कहा, “ऐसा लग रहा है जैसे मैं पहली बार बनारस आया हूं, जबकि मेरा जन्म यहीं हुआ है। मेरा गांव भले ही बिहार में है, लेकिन मेरी पढ़ाई, खेल और जीवन का बड़ा हिस्सा काशी में ही बीता है।”

उन्होंने सिगरा स्टेडियम के बदले हुए स्वरूप की प्रशंसा करते हुए कहा कि पहले सीमित संसाधनों में काम चलाया जाता था, लेकिन अब अलग-अलग खेलों के लिए अलग-अलग कोर्ट, आधुनिक स्टेडियम और पूरी तरह एयर कंडीशन हॉल जैसी सुविधाएं खिलाड़ियों को उपलब्ध हैं। उन्होंने इसे “न्यू काशी” की पहचान बताया।
मनोज तिवारी ने इस परिवर्तन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुए कहा कि यह मोदी जी की दूरदर्शिता और योगी जी के कुशल क्रियान्वयन का परिणाम है। साथ ही उन्होंने वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी का आभार जताया, जिनके प्रयासों से इतने बड़े स्तर पर 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन संभव हो सका।
सांसद ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले शासन का ध्यान सिर्फ अपने लोगों को आगे बढ़ाने तक सीमित रहता था, जबकि वर्तमान नेतृत्व देश और समाज के समग्र विकास पर काम कर रहा है। उन्होंने वर्ष 2014 का उदाहरण देते हुए कहा कि जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे थे, तब उनकी माता ने उन्हें सिर्फ 100 रुपये दिए थे, जो उनके मूल्यों और ईमानदारी का प्रतीक है।
मनोज तिवारी ने कहा कि आज काशी केवल सांस्कृतिक राजधानी नहीं रही, बल्कि खेल, व्यापार और पर्यटन की भी राजधानी बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि महापौर अशोक तिवारी ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जब बुनियादी ढांचा मौजूद है, तो उसका अधिकतम उपयोग कर काशी को खेलों का बड़ा केंद्र बनाया जाए। अंत में उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि पूरे देश को यह संदेश देता है कि वाराणसी अब हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
