आजमगढ़ में मुख्यमंत्री का दौरा, दुग्ध अवशीतन केंद्र का उद्घाटन

आजमगढ़ में मुख्यमंत्री का दौरा, दुग्ध अवशीतन केंद्र का उद्घाटन

(रणभेरी): योगी आदित्यनाथ सोमवार को जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उनका स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा हेलीपैड पर स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह और विनोद राजभर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने अपने कार्यक्रम के तहत मीरिया रेहड़ा गांव में स्थापित नवनिर्मित दुग्ध अवशीतन केंद्र का लोकार्पण किया। यह केंद्र श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था द्वारा संचालित किया जा रहा है। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने केंद्र का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली।

इससे पहले प्रशासन ने कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की थीं। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस लाइंस सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। कार्यक्रम स्थल, मार्ग व्यवस्था, पार्किंग और साफ-सफाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम दोपहर लगभग तीन बजे प्रारंभ हुआ, जिसके बाद उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया। प्रशासन के अनुसार पूरा कार्यक्रम लगभग डेढ़ घंटे तक चला।

आजमगढ़ में मुख्यमंत्री का दौरा, दुग्ध अवशीतन केंद्र का उद्घाटन

सुरक्षा के दृष्टिगत जिले को सात सुपर जोन, 20 जोन और 50 सेक्टर में विभाजित किया गया था। प्रत्येक स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई, जबकि दो कंपनी पीएसी और 4000 से अधिक पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया। अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे।

40 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाला केंद्र

उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मीरिया रेहड़ा स्थित इस दुग्ध अवशीतन केंद्र की क्षमता प्रतिदिन 40 हजार लीटर है। वर्तमान में लगभग 165 गांव इस केंद्र से जुड़े हैं, जहां से बड़ी संख्या में महिला दुग्ध उत्पादक सदस्य सक्रिय रूप से योगदान दे रही हैं। फिलहाल गांव स्तर पर करीब 25 हजार लीटर दूध का संग्रह कर केंद्र तक पहुंचाया जा रहा है। इस परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय किसानों और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *