(रणभेरी): ग्रेटर नोएडा में बीच सड़क पर खड़ी कार पर बैठकर शराब पी रहे युवकों को गाड़ी हटाने को कहना दो दोस्तों को भारी पड़ गया। नशे में धुत्त 7–8 युवकों ने मिलकर दोनों दोस्तों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा दोस्त गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और परिजनों ने शव ले जा रही एंबुलेंस को रोककर जाम लगा दिया।
दादरी क्षेत्र के कैमराला गांव निवासी हरकेश (30) अपने दोस्त मोहित के साथ आई-20 कार से ग्रेटर नोएडा से गांव लौट रहा था। गांव से कुछ दूरी पहले सड़क के बीच खड़ी कार पर कुछ युवक शराब पी रहे थे। सड़क पर वाहन खड़ा होने से रास्ता बाधित था। हरकेश और मोहित ने जब उनसे गाड़ी किनारे करने को कहा तो विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई। आरोप है कि नशे में धुत्त युवकों ने हरकेश और मोहित को घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हमलावर मौके से फरार हो गए।
राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान हरकेश ने अपने भाई को आरोपियों के नाम बताए, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। मोहित की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

हरकेश के पिता जतन सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे की हत्या साजिश के तहत की गई है। उनका आरोप है कि हमलावरों से हरकेश की पुरानी रंजिश थी। करीब तीन साल पहले भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाते समय परिजनों ने गांव के बाहर एंबुलेंस रोककर जाम लगा दिया। कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही और परिजनों को समझाने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर केमराला गांव के लिट्टू, सोनू, कालू, विक्रांत तथा चकरसेनपुर गांव के अनुज समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब तक दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण सड़क से गाड़ी हटाने को लेकर हुआ झगड़ा सामने आया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
