वाराणसी (रणभेरी): बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) स्थित सूर्य सरोवर मैदान के सामने महानगर में सम्राट विक्रमादित्य महोत्सव के आयोजन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीन दिवसीय यह भव्य कार्यक्रम 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक आयोजित होगा। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शामिल होने की संभावना है।
शुक्रवार को डीआईजी शिव हरी मीणा समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए और सभी को निर्धारित प्रवेश द्वार से ही व्यवस्थित ढंग से प्रवेश कराया जाए।

प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है, जबकि कुल मिलाकर करीब 20 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई है। भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
सुरक्षा के मद्देनजर सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और आगंतुकों की सघन जांच की जाएगी। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस टीम भी तैनात रहेगी, ताकि कार्यक्रम के दौरान जाम या अव्यवस्था की स्थिति न बने।

महोत्सव के दौरान सम्राट विक्रमादित्य के जीवन और पराक्रम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाट्य मंचन प्रस्तुत किए जाएंगे। बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रशासन और आयोजकों का दावा है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
