(रणभेरी): चौरी थाना क्षेत्र के बरदहा पाल चौराहे के पास बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में 70 वर्षीय बुजुर्ग की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने ताबड़तोड़ कई वार कर वृद्ध को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर निवासी बच्चन राम झाड़-फूंक का कार्य करते थे। गांव का ही श्रवण कुमार अक्सर उनके साथ रहता था और दोनों रोजाना की तरह बुधवार को भी चौराहे पर स्थित एक चाय की दुकान पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों के बीच अचानक किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक हो उठा।
बताया जाता है कि विवाद के दौरान श्रवण कुमार ने चाकू निकाल लिया और बच्चन राम पर लगातार कई वार कर दिए। पेट और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति को भी हल्की चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे उसके गांव से ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को संदेह था कि मृतक के टोना-टोटके के कारण उसका परिवार परेशान है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हमले की सटीक जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
