(रणभेरी): गाजियाबाद में लोनी के गीतांजलि विहार निवासी नितिन राठी (32) नामक प्राइवेट कॉलेज टीचर की मौत उसके ससुर द्वारा की गई बेरहमी भरी पिटाई के बाद हो गई। घटना तीलामोड़ थाना क्षेत्र के फरुखनगर गांव की है।
परिवार के अनुसार, नितिन ने करीब एक साल पहले मुस्लिम युवती मुस्कान से आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था। अलग धर्म के होने के कारण दोनों परिवार शादी के लिए सहमत नहीं थे। शादी के बाद दंपति साथ रहने लगे।
मृतक के छोटे भाई अमित ने बताया कि सोमवार देर शाम नितिन अपने भाई के साथ ससुराल सुलह कराने जा रहे थे। रास्ते में उन्हें नितिन के ससुर मेहरुद्दीन और उनके साथियों ने रोक लिया। अचानक हुई कहासुनी के बाद उन्होंने नितिन और उसके भाई पर हमला कर दिया। अमित मौके से भागकर सुरक्षित घर पहुंचा, जबकि नितिन को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा गया और मरा समझकर छोड़ दिया गया। घायल नितिन को राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। मंगलवार को इलाज के दौरान नितिन की मौत हो गई।
शालीमार गार्डन ACP अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने नितिन के ससुर मेहरुद्दीन और उनके चाचा शेख को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। परिजनों का कहना है कि यह घटना प्रेम विवाह को लेकर उत्पन्न पारिवारिक विवाद का नतीजा है।
