वाराणसी (रणभेरी): भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित पाण्डेय हवेली में मंगलवार देर रात एक दुखद हादसा हुआ। जामिया हमीदिया रिजविया मदरसे में निकाह के दौरान 4 मंजिला इमारत की लिफ्ट अचानक गिर गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, लिफ्ट का वायर टूटने से यह हादसा हुआ। घटना में एक युवक आसिफ आदिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक हसनैन रज़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के समय कम्युनिटी हॉल में कार्यक्रम चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। घटना के दौरान लिफ्ट अनियंत्रित होकर तीन मंजिल नीचे गिर गई। लिफ्ट में सवार दो युवकों में से एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि लिफ्ट गिरने के कारणों की गहन जांच की जा रही है और अगर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरा और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच लोगों ने घायलों को लिफ्ट से बाहर निकाला। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मृतक के शव से लिपटकर बिलखते नजर आए।
