सिगरा में देर रात रेस्टोरेंट में बवाल : पुलिस ने दर्ज किए दो मुकदमे, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

सिगरा में देर रात रेस्टोरेंट में बवाल : पुलिस ने दर्ज किए दो मुकदमे, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में रविवार देर रात विवाद का मामला सामने आया है, जिसमें एक पक्ष ने महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है, जबकि रेस्टोरेंट प्रबंधन ने ग्राहकों पर ही हंगामा और तोड़फोड़ करने का दावा किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लालपुर-पांडेयपुर निवासी मुस्कान पांडेय के अनुसार, 29 मार्च 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ विंध्याचल दर्शन से लौट रही थीं। इसी दौरान वे सिगरा स्थित रेस्टोरेंट में भोजन के लिए रुके। आरोप है कि उनकी बहन जब वॉशरूम गईं, तो वहां एक अज्ञात व्यक्ति ने दरवाजा खटखटाकर आपत्तिजनक बातें कीं। बाहर आने पर उनके साथ छेड़खानी की गई।

मुस्कान का कहना है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान उनके भाई के गले की सोने की चेन और चांदी का आभूषण भी गायब हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए धमकियां भी दीं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को थाने ले गई। शुरुआत में मामले को शांत कराने की कोशिश की गई, लेकिन विवाद बढ़ने पर कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

वहीं, रेस्टोरेंट के मैनेजर बृजेश कुमार वर्मा ने भी इस घटना को लेकर अलग शिकायत दर्ज कराई है। उनके मुताबिक, रात करीब 10:40 बजे कुछ लोग रेस्टोरेंट पहुंचे और अन्य ग्राहकों से विवाद करने लगे। कर्मचारियों द्वारा समझाने पर उन्होंने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और फर्नीचर में तोड़फोड़ की।

प्रबंधन का यह भी दावा है कि हंगामे के चलते कई ग्राहक बिना भुगतान किए ही चले गए, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ। पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सिगरा थाने के उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जानने में जुटी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *