(रणभेरी): हमेशा अपने बोल्ड और क्रिएटिव लुक्स को लेकर चर्चा में रहने वाली अभिनेत्री उर्फी जावेद हाल ही में एक इवेंट में अपने फैंस के सामने अलग अंदाज में नजर आईं। इस बार उन्होंने सिंपल लुक अपनाया, लेकिन अपने अंदाज और मजाकिया शैली से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
इवेंट में उर्फी ने एक अनोखी टी-शर्ट पहनी, जिस पर उनकी ही फोटो प्रिंट थी। इस फोटो में उनके होंठ सूजे हुए नजर आ रहे थे। पैपराजी को इशारा करते हुए उर्फी ने अपनी टी-शर्ट की ओर इशारा किया और मुस्कुराते हुए कहा, “इसे देखो।” इस तरह उन्होंने खुद अपने ऊपर हुए ट्रोलिंग का मजाक बना लिया।
होंठ सूजने का मामला
उर्फी जावेद अक्सर कॉस्मेटिक प्रोसीजर्स कराती रही हैं। कुछ महीनों पहले उन्होंने अपने लिप और स्माइल लाइन फिलर्स को हटवाने का फैसला किया था। इस प्रक्रिया का पूरा वीडियो उन्होंने अपने फैंस के साथ सोशल मीडिया पर साझा किया।
उर्फी ने बताया कि कुछ साल पहले किए गए फिलर्स का असर समय के साथ बिगड़ गया था, जिससे उनका चेहरा असंतुलित दिखने लगा। इसलिए उन्होंने उन्हें डिजॉल्व करवाने का कठिन निर्णय लिया। फिलर्स हटवाने के बाद उनके होंठ कुछ समय के लिए सूज गए, जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ट्रोल किया था।
अब उसी फोटो को टी-शर्ट पर प्रिंट करवा कर उर्फी ने न सिर्फ पुराने ट्रोल का मजाक बनाया बल्कि अपनी बेबाकी का भी परिचय दिया।
सोशल मीडिया पर मिली तारीफ
नेटिजंस ने उर्फी के इस कदम की जमकर तारीफ की और उनकी आत्मविश्वास भरी शैली की सराहना की। सोशल मीडिया पर कई लोग मानते हैं कि उर्फी जैसी भी हैं, खुद को हमेशा वैसे ही सामने पेश करती हैं।
