ड्यूटी पर जा रहे उप निरीक्षक पर जानलेवा हमला,बदमाशों ने पीट-पीटकर किया अधमरा

ड्यूटी पर जा रहे उप निरीक्षक पर जानलेवा हमला,बदमाशों ने पीट-पीटकर किया अधमरा

(रणभेरी): जौनपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। ड्यूटी पर जा रहे उप निरीक्षक पारसनाथ यादव पर शुक्रवार देर रात पिकअप सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया।

हमलावर वाहन की रेकी करने का आरोप लगाते हुए मारपीट करते रहे और यह कहते सुने गए कि “ये पुलिस वाला है, इसे जान से मार दो।” उप निरीक्षक को अधमरी हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। शनिवार को पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदपुरा गांव निवासी पारसनाथ यादव वर्तमान में जौनपुर के बरसठी थाने में उप निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। उन्होंने मछलीशहर कोतवाली में दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया कि दो जनवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे वह बाइक से मुंगराबादशाहपुर में ड्यूटी पर जा रहे थे।

मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के पंवारा–कुंवरपुर मार्ग पर रामपुर कला (भात का पूरा) गांव के पास उनके मोबाइल पर फोन आ गया। कॉल रिसीव करने के लिए उन्होंने सड़क किनारे बाइक रोक दी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन उनके पास आकर रुका। वाहन में सवार लोगों ने उन पर रेकी करने का आरोप लगाया।

उप निरीक्षक द्वारा आरोप से इनकार करने पर पिकअप सवार लोग आक्रोशित हो गए और मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान आरोपी यह कहते रहे कि वह पुलिसकर्मी हैं और उन्हें जान से मार देना चाहिए। बेरहमी से पिटाई करने के बाद हमलावर उप निरीक्षक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए।

कुछ समय बाद होश में आने पर घायल उप निरीक्षक किसी तरह मछलीशहर कोतवाली पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार, उप निरीक्षक को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज कराया जा रहा है।

पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास के रास्तों और संभावित सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *