वाराणसी (रणभेरी): चैत्र नवरात्र के अवसर पर विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार परिवहन व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। परिवहन निगम ने 18/19 मार्च से 27 मार्च तक विशेष बस सेवाएं चलाने का निर्णय लिया है, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
नवरात्र के दौरान बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए कुल 86 बसों का संचालन किया जाएगा। इनमें 65 अतिरिक्त बसें शामिल हैं, जबकि सामान्य दिनों में इस मार्ग पर केवल 21 बसें ही चलती थीं। नई व्यवस्था के तहत अब श्रद्धालुओं को हर आधे घंटे में विंध्याचल के लिए बस उपलब्ध हो सकेगी।
नवरात्र के पहले दिन से लेकर नवमी तक बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए परिवहन निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए एक हेल्पडेस्क नंबर 8726005897 भी जारी किया गया है, जिस पर यात्री अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं।
परिवहन निगम के वाराणसी परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी आठ डिपो से बसों का संचालन होगा। इनमें जौनपुर डिपो से सबसे अधिक 20 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा कैंट और काशी डिपो से 10-10 बसें बढ़ाई गई हैं, जबकि गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र और विंध्यनगर से भी अतिरिक्त बसें संचालित होंगी। प्रशासन का कहना है कि इस पहल से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी।
