वाराणसी (रणभेरी): शहर के प्रमुख थोक बाजार दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण की योजना को ईद के बाद गति मिलेगी। फिलहाल लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से क्षेत्र में मलबा हटाने का काम जारी है। चौक थाने में बनाए गए पीडब्ल्यूडी के अस्थायी कैंप कार्यालय में भवन स्वामी रजिस्ट्री से पहले जानकारी और पूछताछ के लिए पहुंच रहे हैं।
परियोजना के तहत पूरी गली में कुल 186 भवनों को चिह्नित किया गया है, जिनमें से अब तक 40 से अधिक भवनों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि दालमंडी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई ईद के बाद शुरू की जाएगी। ध्वस्तीकरण पूरा होने के बाद क्षेत्र में सीवर और पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने का काम किया जाएगा। वर्तमान में जमीन के नीचे मौजूद पुरानी पानी और सीवर की पाइपलाइनों को बदलने की योजना है।
नगर निगम फिलहाल पुराने ड्रेनेज सिस्टम पर निर्भर है, लेकिन चौड़ीकरण के बाद यहां जल निकासी के लिए नई ब्रांच लाइन बिछाई जाएगी।
दरअसल, पक्के महाल यानी पुराने बनारस की संकरी गलियों में स्थित इस इलाके में पहले अधिकतर आवासीय भवन थे, जो समय के साथ व्यापारिक गतिविधियों में बदल गए हैं। इससे सीवर और जल निकासी की समस्या जटिल हो गई है। योजना के तहत जरूरत के मुताबिक नई सीवर ब्रांच लाइन के साथ पानी की पाइपलाइन भी डाली जाएगी।
पूर्वांचल के सबसे बड़े थोक बाजारों में शुमार दालमंडी में प्रतिदिन बड़े पैमाने पर कारोबार होता है। करीब 650 मीटर लंबी इस सड़क को 17 मीटर तक चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही क्षेत्र में डक्ट सिस्टम, संकेतक बोर्ड और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
