वाराणसी (रणभेरी): रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में आ रही कथित कमी को लेकर समाजवादी पार्टी की महिला सभा ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने खाली गैस सिलेंडर और बर्तन लेकर सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जबकि समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से आम परिवारों, खासकर गृहणियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि मौजूदा समय में सिलेंडर वितरण व्यवस्था ठीक ढंग से काम नहीं कर रही है। महंगाई के कारण रसोई का बजट बिगड़ गया है और मध्यम व गरीब वर्ग के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महिला सभा की नेताओं ने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत नहीं दी गई और आपूर्ति की समस्या दूर नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के अंत में महिला सभा के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि गैस सिलेंडर की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और बढ़ती कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
