वाराणसी (रणभेरी): मुंबई के पालघर की रहने वाली एक युवती ने वाराणसी के युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और तीन बार गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती पिछले चार दिनों से वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर रह रही थी।
मामले की जानकारी सोशल एक्टिविस्ट को मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई, हालांकि पुलिस ने घटनास्थल मुंबई बताते हुए युवती को वहीं एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी है।पीड़िता ने चोलापुर थाना क्षेत्र के भुसौला गांव निवासी कमलेश पटेल के खिलाफ शिकायत दी है।

युवती का कहना है कि करीब दो साल पहले उसकी कमलेश से फेसबुक के जरिए पहचान हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई और कमलेश उसे शादी का भरोसा देकर मुंबई में उसके साथ रहने लगा। इस दौरान उनके बीच संबंध बने और तीन बार गर्भ ठहरने पर युवक ने उसका गर्भपात भी कराया।
युवती के अनुसार वह कमलेश के साथ रहने के लिए अपने परिवार से भी अलग हो गई थी। कुछ समय पहले कमलेश अचानक मुंबई छोड़कर वाराणसी आ गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। इसके बाद युवती उसे तलाशते हुए वाराणसी पहुंची और चोलापुर के भुसौला गांव स्थित उसके घर गई।

पीड़िता का आरोप है कि गांव पहुंचने पर शुरू में लोगों ने उसे भरोसा दिलाया कि कमलेश उसे अपना लेगा। इसके बाद वह मुंबई लौट गई, लेकिन कुछ दिनों बाद कमलेश का फोन फिर बंद हो गया। चार दिन पहले वह दोबारा वाराणसी आई और युवक के घर पहुंची तो परिजनों ने उसे कमरे में बैठाकर डराने-धमकाने का आरोप भी लगाया। युवती का कहना है कि उसे कहा गया कि कमलेश यहां नहीं है और दोबारा गांव आने पर अंजाम बुरा होगा।
डरी-सहमी युवती इसके बाद वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर ही रह रही थी। इसी दौरान उसने एक सामाजिक कार्यकर्ता से फोन पर मदद मांगी और आत्महत्या की चेतावनी भी दी। सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता सीमा चौधरी स्टेशन पहुंचीं और युवती से पूरी जानकारी ली, जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को ट्वीट कर मामले की जानकारी दी।
चोलापुर पुलिस का कहना है कि घटना मुंबई में हुई है, इसलिए वहां एफआईआर दर्ज कराना उचित रहेगा। पुलिस के अनुसार युवती को मुंबई जाकर कानूनी कार्रवाई करने की सलाह दी गई है। फिलहाल पीड़िता मुंबई लौटने की तैयारी कर रही है।
