वाराणसी एयरपोर्ट पर हड़कंप, यात्री के हैंडबैग से मैगजीन व छह जिंदा कारतूस बरामद

वाराणसी एयरपोर्ट पर हड़कंप, यात्री के हैंडबैग से मैगजीन व छह जिंदा कारतूस बरामद

वाराणसी (रणभेरी): लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली जा रहे एक यात्री के हैंडबैग से मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। सुरक्षा जांच के दौरान संदिग्ध सामग्री मिलने पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

वाराणसी एयरपोर्ट पर हड़कंप, यात्री के हैंडबैग से मैगजीन व छह जिंदा कारतूस बरामद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:40 बजे सीआईएसएफ कर्मी नियमित सुरक्षा जांच में जुटे थे। इसी दौरान एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX-1252 से नई दिल्ली जा रहे मिर्जापुर जनपद के बरौधा गांव निवासी भुवनेश्वर नाथ तिवारी (52) के हैंडबैग की जांच की गई। जांच में .32 बोर की एक मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए।
बरामदगी के बाद सीआईएसएफ ने यात्री से प्रारंभिक पूछताछ की और शाम करीब 4:30 बजे उसे फूलपुर थाना क्षेत्र की बाबतपुर पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया। सूचना मिलते ही फूलपुर थाने की पुलिस और बाबतपुर चौकी की टीम एयरपोर्ट पहुंची और यात्री को चौकी लाकर पूछताछ शुरू की।

लाइसेंस की जांच में जुटी पुलिस

फूलपुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान यात्री ने .32 बोर पिस्टल का वैध शस्त्र लाइसेंस अपने नाम से होने की जानकारी दी है।

यात्री के अनुसार, लाइसेंस संख्या एलए33634A7A37223/614/2005 कोतवाली कटरा, मिर्जापुर से जारी की गई है। फिलहाल लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि सभी कागजात सही पाए जाते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए यात्री को छोड़ दिया जाएगा।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में यात्री ने बताया कि वह नई दिल्ली में मिर्जापुर के पूर्व जिलाधिकारी सुशील पटेल से मिलने जा रहे थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हैं और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की पूछताछ जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *