कुंभ में चर्चित ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा ने फरमान से की शादी, अफवाहों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी सफाई

कुंभ में चर्चित ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा ने फरमान से की शादी, अफवाहों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी सफाई

(रणभेरी): कुंभ मेले के दौरान अपनी नीली-भूरी आंखों के कारण सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आई मोनालिसा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी शादी है। मोनालिसा ने अपने प्रेमी फरमान से विवाह कर लिया है, जिसके बाद सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों पर कई तरह की चर्चाएं और विवाद सामने आने लगे।

बताया जा रहा है कि मोनालिसा ने 11 मार्च को केरल में पुलिस सुरक्षा के बीच फरमान के साथ शादी की। इस शादी को लेकर कुछ लोगों ने ‘लव जिहाद’ और धर्म परिवर्तन जैसे आरोप भी लगाए, जबकि कुछ जगहों पर यह दावा भी किया गया कि मोनालिसा अभी नाबालिग हैं।

इन सभी आरोपों और अफवाहों के बीच मोनालिसा और उनके पति फरमान ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखी और कई मुद्दों पर सफाई दी।

नाबालिग होने के दावे को बताया गलत

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोनालिसा ने स्पष्ट कहा कि उनके नाबालिग होने की खबरें पूरी तरह गलत हैं। उनका कहना था कि वह 18 वर्ष से अधिक आयु की हैं और कानूनन विवाह कर चुकी हैं।
वहीं फरमान ने भी कहा कि यदि मोनालिसा बालिग न होतीं तो उनकी रजिस्टर्ड शादी संभव ही नहीं होती। उनके अनुसार सोशल मीडिया पर कई भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं।

धर्म परिवर्तन की खबरों को किया खारिज

शादी के बाद मोनालिसा के इस्लाम धर्म अपनाने की चर्चा भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही थी। इस पर दोनों ने साफ कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। फरमान ने कहा कि मोनालिसा अपने हिंदू धर्म का पालन करती रहेंगी और वह अपने धर्म में रहेंगे। उनका कहना था कि दोनों एक-दूसरे के विश्वास और परंपराओं का सम्मान करते हैं।

मंदिर और मस्जिद दोनों जाते हैं फरमान

फरमान ने कहा कि उनके लिए सभी धर्म समान हैं। उन्होंने बताया कि वह मंदिर भी जाते हैं और मस्जिद भी। उनके अनुसार कला और इंसानियत किसी धर्म की सीमाओं में बंधी नहीं होती, इसलिए वह सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।

‘लव जिहाद’ के आरोपों पर भी दिया जवाब

मोनालिसा और फरमान ने ‘लव जिहाद’ से जुड़े आरोपों को भी निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनकी शादी आपसी सहमति और परिवार से अलग अपने निर्णय के आधार पर हुई है। युगल ने यह भी बताया कि विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ था। प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दोनों ने उम्मीद जताई कि अब इस मामले को लेकर फैल रही गलतफहमियां खत्म हो जाएंगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *