वाराणसी (रणभेरी) : शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को स्मार्ट सिटी सभागार में पार्किंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने की।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निजी और सार्वजनिक पार्किंग संचालकों को अपने कामकाज में पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए गए। नगर निगम ने सभी निजी पार्किंग संचालकों से एक सप्ताह के भीतर पार्क होने वाले वाहनों की औसत संख्या, उपलब्ध खाली स्थान और संचालन में होने वाले खर्च का पूरा ब्यौरा मांगा है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने बताया कि पार्किंग शुल्क को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे में शुल्क निर्धारण को तर्कसंगत बनाने के लिए वास्तविक आंकड़ों की जरूरत है, इसलिए पार्किंग से जुड़ा पूरा डेटा मांगा गया है।
बैठक में प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम को कम करने के लिए पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था लागू करने पर भी चर्चा हुई। इसके तहत ऑटो और ई-रिक्शा के लिए कुछ स्थान चिन्हित किए जाएंगे, जहां चालक केवल सवारी उतारकर तुरंत आगे बढ़ेंगे। इन जगहों पर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।
इस प्रस्ताव पर विचार करने के लिए ऑटो यूनियन के प्रतिनिधियों ने नगर निगम से 15 दिनों का समय मांगा है। बैठक में सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, निजी और सार्वजनिक पार्किंग संचालक, ठेकेदार तथा ऑटो यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
