8 मार्च को नाटी इमली में होगा स्वर्णकार समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन

8 मार्च को नाटी इमली में होगा स्वर्णकार समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन

वाराणसी (रणभेरी): स्वर्णकार समाज की राष्ट्रीय संस्था स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान, वाराणसी के तत्वावधान में 8 मार्च को नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम् लॉन में सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में स्वजातीय सात जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार विवाह से पूर्व पंजीकृत सात दूल्हों की सामूहिक बारात सुबह 10 बजे उन्नति रेजीडेंसी, मैदागिन पेट्रोल पंप के सामने से निकलेगी। बारात मध्यमेश्वर, दारानगर, डीएवी कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज और ईश्वरगंगी होते हुए नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम् लॉन पहुंचेगी।

विवाह स्थल पर कन्या पक्ष की महिलाओं द्वारा पारंपरिक परछन के बाद भव्य मंच पर सभी जोड़ों की जयमाल की रस्म होगी। इसके पश्चात उपस्थित अतिथि एवं समाज के वरिष्ठ जन वर-वधू को आशीर्वाद देंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत सभी जोड़ों का एक ही मंडप में वैदिक विधि से विवाह संस्कार कराया जाएगा। संस्थान की ओर से नवविवाहित जोड़ों को वैवाहिक जीवन में उपयोगी आवश्यक सामग्री भी प्रदान की जाएगी।

सामूहिक विवाह सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य कैलाश सोनी, राज्यसभा सदस्य डॉ. प्रदीप वर्मा, हाटा के विधायक मोहन वर्मा, बिहार विधान परिषद सदस्य जीवन लाल, जौनपुर के नन्हेलाल वर्मा तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शामिल होने की स्वीकृति दी है।

8 मार्च को नाटी इमली में होगा स्वर्णकार समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और हरियाणा समेत विभिन्न राज्यों से संस्थान के पदाधिकारी व समाजसेवी भाग लेंगे।

पत्रकार वार्ता के दौरान राष्ट्रीय संस्थापक इंजी. योगेंद्र कुमार, राष्ट्रीय संयोजक व सम्मेलन अध्यक्ष रवि सर्राफ, प्रदेश अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) सरिता सर्राफ, जिलाध्यक्ष किशोर सेठ, सम्मेलन संयोजक कमल कुमार सिंह, जिला महासचिव अरुण सोनी, संरक्षक विष्णु दयाल, दीपक कुमार सेठ, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, महिला जिलाध्यक्ष बेबी सेठ, महिला नगर अध्यक्ष सुनिति सिंह तथा अनिल सेठ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान ने स्वर्णकार समाज के सभी बंधुओं से कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद देने का आह्वान किया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *