28 फरवरी से 370 बसों का संचालन, गोरखपुर रूट पर सबसे ज्यादा 114 बसें
वाराणसी (रणभेरी): होली पर घर लौटने वाले यात्रियों को इस बार बड़ी राहत मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने वाराणसी परिक्षेत्र से 28 फरवरी से 9 मार्च तक 137 अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में संचालित 233 बसों के साथ इन्हें जोड़कर कुल 370 बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। सबसे अधिक 114 बसें वाराणसी-गोरखपुर मार्ग पर चलाई जाएंगी। इसके अलावा वाराणसी-शक्तिनगर-बैढ़न मार्ग पर 68 और वाराणसी-लखनऊ मार्ग पर 55 बसों का संचालन होगा। आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी फेरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय के अनुसार यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही चालक-परिचालकों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। लगातार 9 दिन ड्यूटी करने पर 400 रुपये प्रतिदिन की दर से 3600 रुपये और 10 दिन तक नियमानुसार संचालन करने पर 450 रुपये प्रतिदिन की दर से 4500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस संचालन अनिवार्य होगा।
