(रणभेरी): सर्राफा बाजार में शुक्रवार को कीमती धातुओं की चमक कुछ फीकी पड़ गई। कारोबार की शुरुआत के साथ ही सोने और चांदी-दोनों के भाव में तेज गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती सत्र में सोना लुढ़ककर करीब 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच गया, जबकि चांदी के दाम में भारी गिरावट देखने को मिली।
बाजार सूत्रों के मुताबिक, चांदी की कीमतों में एक झटके में लगभग 14 हजार रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई, जिससे इसका भाव घटकर करीब 2.33 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। वहीं सुबह 11 बजे तक सोने का भाव और फिसलकर लगभग 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसी दौरान चांदी भी 9,700 रुपये से अधिक सस्ती होकर करीब 2.37 लाख रुपये प्रति किलो पर कारोबार करती दिखी।
गुरुवार से ही जारी है गिरावट का दौर
बीते दिन यानी गुरुवार को भी सर्राफा बाजार में भारी दबाव देखने को मिला था। चांदी के दाम में करीब 30 हजार रुपये प्रति किलो की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी और यह 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। वहीं सोना भी 4,500 रुपये टूटकर लगभग 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया था।
वैश्विक संकेतों का असर
अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले संकेतों ने भी कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ाया। डॉलर के करीब दो सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंचने और अमेरिका-चीन व्यापार तनाव में नरमी के संकेतों के बीच सोने-चांदी में वैश्विक स्तर पर बिकवाली तेज हुई। मजबूत डॉलर के चलते अन्य मुद्राओं में निवेश करने वालों के लिए सोना महंगा पड़ा, जिससे मांग कमजोर हुई।
वैश्विक बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 2.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,838 डॉलर प्रति औंस के आसपास आ गया, जबकि अप्रैल डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में भी करीब 1.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। चांदी में गिरावट और ज्यादा तीखी रही- स्पॉट सिल्वर लगभग 15 प्रतिशत टूटकर 75 डॉलर प्रति औंस के आसपास फिसल गई। उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह ही चांदी ने 121 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड स्तर छुआ था।
