वाराणसी (रणभेरी): श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ बुधवार को परंपरागत श्री गणेश पूजन के साथ किया गया। महोत्सव से पूर्व प्रथम पूज्य विघ्नहर्ता श्री गणेश जी से अनुमति एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के उद्देश्य से धाम परिसर में विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
मंदिर न्यास की ओर से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौरी नंदन श्री गणेश जी का विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान गणेश जी को वस्त्र, पुष्प, दुर्वा, माला, नैवेद्य एवं विशेष भोग अर्पित किए गए। आरती के पश्चात महाशिवरात्रि महोत्सव के निर्विघ्न एवं सफल आयोजन की कामना की गई।
रुद्राभिषेक से होगी देव विग्रहों की विधिवत आराधना
गणेश पूजन के साथ ही महाशिवरात्रि महोत्सव का औपचारिक आगाज हो गया है। शास्त्रीय परंपरा के अनुसार गुरुवार से मंदिर परिसर में विराजमान समस्त प्रधान विग्रहों का रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके माध्यम से देव विग्रहों का आवाहन कर महोत्सव में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं पर कृपा बनी रहे।
रोशनी और फूलों से सजेगा धाम
महोत्सव को लेकर धाम परिसर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। रंग-बिरंगी रोशनी, पुष्प-सज्जा और विशेष अलंकरण के बीच काशी एक बार फिर शिवमय वातावरण में डूबने को तैयार है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए मंदिर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
मथुरा से आएगा बाबा का विवाह श्रृंगार
महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव के विवाह से जुड़ी विशेष सामग्री मथुरा से काशी भेजी जाएगी। इसमें नेग-पंचमेवा, फलाहारी चढ़ावा, वस्त्र, आभूषण एवं श्रृंगार सामग्री शामिल होगी। यह सामग्री श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा में विशेष रूप से तैयार की गई है।
आठ फरवरी को सूर्योदय के बाद सजी हुई ट्रक से यह सामग्री वाराणसी के लिए रवाना होगी, जो नौ फरवरी को श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेगी। इस अवसर पर ब्रजवासी हरि-हर स्वरूप का स्मरण करते हुए पुष्पवर्षा के साथ सामग्री को विदा करेंगे। महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर काशी में उत्सव का माहौल बनना शुरू हो गया है और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत को धाम पूरी तरह तैयार हो रहा है।
