अखिलेश ने 100 रुपये देकर समझाया कर्ज चुकाने का गणित, बोले- हमने भी होमवर्क किया है

अखिलेश ने 100 रुपये देकर समझाया कर्ज चुकाने का गणित, बोले- हमने भी होमवर्क किया है

(रणभेरी): समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 26 नवंबर को पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इसमें मुफ्त बिजली, नवजात बेटियों को सोना देने और किसानों की कर्जमाफी समेत कई बड़े वादे किए गए हैं। 27 नवंबर को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब पत्रकारों ने इन योजनाओं के लिए बजट की व्यवस्था को लेकर सवाल किया तो अखिलेश ने 100 रुपये का उदाहरण देकर कर्ज चुकाने का गणित समझाया।

उन्होंने एक पत्रकार को 100 रुपये दिए और कहा कि इसे अगले व्यक्ति को दे दीजिए। इसी तरह रुपये एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंचते रहे। बाद में अखिलेश ने उसी क्रम में सभी से रुपये वापस लेकर पत्रकार को दे दिए। उन्होंने कहा कि इस तरह एक-दूसरे का लोन चुकाया जा रहा है और आखिर में पैसा वापस भी आ जाता है। यानी सबका कर्ज भी चुक गया और पैसा भी बच गया। उन्होंने कहा, ‘आपने होमवर्क किया है, हमने भी होमवर्क किया है। दोनों लोग बैठेंगे तो जनता को सबकुछ साफ तरीके से समझ आ जाएगा।’

SIR पर भाजपा और चुनाव आयोग को घेरा

अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा वोट काटे गए थे, अब उन्हीं इलाकों में अचानक मतदाताओं की संख्या बढ़ने लगी है। उन्होंने सवाल किया कि फॉर्म-6 की संख्या 22 गुना कैसे बढ़ गई? उनके मुताबिक शहरी क्षेत्रों में पहले सबसे ज्यादा वोट काटे गए और अब वहीं डुप्लीकेट मतदाता जोड़े जा रहे हैं।

अखिलेश ने चुनाव आयोग से पूछा कि सपा की ओर से डुप्लीकेट वोटरों को लेकर अब तक की गई शिकायतों पर कितने नाम हटाए गए हैं। पार्टी को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई? उन्होंने दावा किया कि सपा ने SIR के दौरान हटाए गए 55 लाख नाम दोबारा जुड़वाए हैं और इसका आंकड़ा रिकॉर्ड में मौजूद है।

उन्होंने बताया कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात करेगा। शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन किया जाएगा।

चुनाव ड्यूटी में 50 फीसदी PDA अधिकारियों की मांग

सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग से अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग और चुनावी जिम्मेदारियों में PDA वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि एसडीएम के तबादलों में PDA की स्थिति देखी जा सकती है। जो अधिकारी ट्रांसफर होकर जा रहे हैं, उन्हें भी चुनाव से जुड़ी जिम्मेदारी नहीं दी जा रही है।
अखिलेश ने मांग की कि चुनाव ड्यूटी में 50 प्रतिशत अधिकारी PDA वर्ग से होने चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसा नहीं होने पर उत्तर प्रदेश में भी बंगाल जैसी वोट लूट हो सकती है। उन्होंने मतदाता सूची को आधार से जोड़ने और वोटर आईडी कार्ड को मेटल का बनाने का सुझाव भी दिया। आरोप लगाया कि चुनाव के दिन भाजपा के लोग फर्जी वोटर कार्ड और आधार कार्ड बनवा लेते हैं।

परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी भूल होगी

विशेष सत्र और परिसीमन के मुद्दे पर अखिलेश ने कहा कि विधानसभा में भले ही नंबर का खेल चले, लेकिन परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अब तक जितने बड़े फैसले लिए हैं, उनसे जनता को खास फायदा नहीं हुआ।

नोटबंदी का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि क्या इससे भ्रष्टाचार और आतंकवाद खत्म हो गया? सीमा सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि आए दिन चीन के भारतीय सीमा में घुसने की खबरें आती हैं और हमारी सीमाएं सिकुड़ रही हैं।

महंगाई पर उन्होंने कहा कि साबुन, तेल, बिस्किट, रसोई गैस, चीनी और बिजली का बिल सब महंगा हो गया है। सरकार को बताना चाहिए कि वह महंगाई पर जवाब क्यों नहीं देती। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भाजपा को लगा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव जीतना मुश्किल है तो वह चुनाव जीतने के लिए परिसीमन बिल लेकर आई। सरकारी आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि सीईओ के पास मौजूद आंकड़े गलत हैं या मुख्यमंत्री गलत बोल रहे हैं? आखिर आंकड़े कौन बदलना चाहता है?

लैपटॉप, पेंशन और एंबुलेंस योजनाओं का दिया हवाला

घोषणापत्र की योजनाओं के बजट पर अखिलेश ने अपनी पिछली सरकार के काम गिनाए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने लैपटॉप बांटे, समाजवादी पेंशन और कन्या विद्याधन योजना शुरू की। इसके अलावा 108 और 102 एंबुलेंस सेवा, डायल-100, पुलिस भवन और लखनऊ मेट्रो जैसी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने घोषणापत्र में शामिल योजनाओं को लेकर पूरी तैयारी की है। सपा अब जिलावार घोषणापत्र भी जारी करेगी।

नोएडा में प्रदूषण और ट्रैफिक के लिए अलग योजना

अखिलेश ने कहा कि नोएडा जैसे बड़े शहरों में प्रदूषण और ट्रैफिक की समस्या लगातार बढ़ रही है। शहरों का विस्तार हो रहा है और कई गांव भी शहरों का रूप लेते जा रहे हैं। सपा सरकार बनने पर पूरे गांव को एक साथ बसाने की योजना लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के समय सपेरों के लिए आधुनिक गांव बनाने की योजना थी, लेकिन सरकार बदलने के बाद यह ठप हो गई। अंसल अर्बन सिटी का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि दिल्ली से नोएडा को मेट्रो से जोड़ने के लिए नोएडा अथॉरिटी के बजट से काम कराने का फैसला किया गया था, क्योंकि मेट्रो के लिए लोन नहीं मिल पा रहा था।

अखिलेश ने भाजपा सरकार पर विकास कार्यों को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने नोएडा में बनाई गई मेडिकल यूनिवर्सिटी समेत कई परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर इन कामों को आगे बढ़ाया जाएगा।

सपा-कांग्रेस गठबंधन तोड़ने की हो रही साजिश

सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर अखिलेश ने कहा कि दोनों दलों का गठबंधन मजबूती से बना हुआ है। इसे तोड़ने के लिए साजिश और षड्यंत्र किए जा रहे हैं, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि परिसीमन विधेयक पर कौन किस दल के साथ खड़ा है, यह भी स्पष्ट हो जाएगा। भाजपा को पहले अपने सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे का विवाद सुलझाना चाहिए।

असदुद्दीन ओवैसी के मुस्लिमों को लेकर दिए जा रहे बयानों पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बहुत जागरूक है। भाजपा के घोषणापत्र पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी अपने वादे पूरे नहीं कर पाई। स्मार्ट सिटी इसका उदाहरण है। केवल बोर्ड लगा देने से शहर स्मार्ट नहीं हो जाते।

भाजपा के आने से प्रदेश में आया पॉलिटिकल पॉल्यूशन

अखिलेश ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों से बेहतर बनाया जाएगा। आरोप लगाया कि भाजपा को पढ़ाई से दुश्मनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के आने से प्रदेश में पॉलिटिकल पॉल्यूशन आया है।

मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री पद का नाम तय नहीं होता, वहां सिर्फ फूल होता है। उन्होंने कहा कि फूल कौन सा है, यह सभी जानते हैं। कमल ही भाजपा का प्रत्याशी होगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *