वाराणसी (रणभेरी): देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में देव दीपावली महोत्सव का भव्य आगाज मंगलवार को नमो घाट से हुआ। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने गोधूलि बेला में नमो घाट पर दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली के आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया। इसी के साथ नमो घाट पर देव दीपावली का पहला दीप प्रज्वलित हुआ और गंगा के घाटों पर दीपोत्सव की रौनक बिखरने लगी।
इस अवसर पर प्रदेश के मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, पिंडरा विधायक अवधेश सिंह, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और डीआईजी शिवहरी मीणा सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन मंत्री ने रिमोट के माध्यम से ऑडियो गाइड सेवा का भी उद्घाटन किया। इस सुविधा के जरिए पर्यटक काशी के 15 घाटों के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। ऑडियो गाइड की शुरुआत को काशी आने वाले पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

दीप प्रज्वलन के साथ ही नमो घाट पर उत्सव का माहौल बन गया। इसके बाद पर्यटन मंत्री, अन्य मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी क्रूज पर सवार होकर गंगा के अन्य घाटों की ओर रवाना हुए। काशी की देव दीपावली के भव्य आयोजन के साथ ही गंगा तट पर दीपों की श्रृंखला सजाने का सिलसिला शुरू हो गया।
