पंजाब चुनाव 2027: छह साल बाद फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल, सभी 117 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

पंजाब चुनाव 2027: छह साल बाद फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल, सभी 117 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान, अकाली दल का होगा मुख्यमंत्री चेहरा; 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का दावा

(रणभेरी): पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) ने एक बार फिर गठबंधन कर लिया है। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया गया। दोनों दल छह साल के अंतराल के बाद फिर एक साथ आए हैं। गठबंधन के तहत एनडीए पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

गठबंधन की घोषणा करते हुए अमित शाह ने स्पष्ट किया कि पंजाब में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री का चेहरा भी अकाली दल से ही होगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में जो बड़े भाई की भूमिका निभाता है, मुख्यमंत्री भी उसी दल का होता है। शाह ने भाजपा और अकाली दल के इस साथ को हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बताते हुए कहा कि एनडीए का पुराना साथी फिर से लौट आया है।

पंजाब चुनाव 2027: छह साल बाद फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल, सभी 117 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

अमित शाह ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाना गठबंधन की सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। इसके अलावा भ्रष्टाचार का खात्मा, कानून-व्यवस्था में सुधार, गैंगस्टरों और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई तथा सीमावर्ती राज्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेगा।

शाह ने कहा कि दोनों दलों ने पंजाब से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की है और कई अहम विषयों पर सहमति बनी है। गठबंधन की ओर से जल्द ही विस्तृत घोषणापत्र तैयार किया जाएगा, जिसमें नशे के खिलाफ अभियान और हिंदू-सिख एकता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का दावा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा आप सरकार तीन महीने के भीतर नशा खत्म करने का वादा करके सत्ता में आई थी, लेकिन समस्या कम होने के बजाय और बढ़ गई है। वहीं, उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 2017 में किए गए नशामुक्त पंजाब के वादे का भी जिक्र किया।

पंजाब चुनाव 2027: छह साल बाद फिर साथ आए भाजपा और अकाली दल, सभी 117 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

शाह ने कहा, “मैं अपना वही वादा दोहराना चाहता हूं, जो मैंने पहले किया था। 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बना देंगे।” उन्होंने कहा कि पंजाब से नशे और भ्रष्टाचार को खत्म करना तथा राज्य में राष्ट्रवादी ताकतों को मजबूत करना गठबंधन का प्रमुख लक्ष्य रहेगा।

छह साल बाद फिर बहाल हुआ राजनीतिक गठबंधन

भाजपा और अकाली दल का गठबंधन टूटने के करीब छह साल बाद दोनों दल फिर साथ आए हैं। नवंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर हुए विवाद के बाद अकाली दल ने भाजपा से अपना करीब 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ लिया था। इसके बाद दोनों पार्टियां अलग-अलग राजनीतिक रास्तों पर चल रही थीं।

अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के एक साथ आने को पंजाब की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। गठबंधन के तहत अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा, जबकि भाजपा भी सभी 117 सीटों पर एनडीए के संयुक्त चुनावी अभियान का हिस्सा होगी। दोनों दलों की नजर राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को चुनौती देने और सत्ता में वापसी की संभावनाओं पर रहेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *