संत रविदास घाट पर आयोजित होगा कार्यक्रम, एक लाख चिताला और एक लाख भारतीय मेजर कार्प की अंगुलिकाएं गंगा में छोड़ी जाएंगी
वाराणसी (रणभेरी): गंगा नदी में मछलियों की संख्या बढ़ाने और जलीय जैव विविधता के संरक्षण के लिए योगी सरकार की ओर से गुरुवार, 19 नवंबर को संत रविदास घाट पर रिवर रैंचिंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान गंगा नदी में करीब एक लाख राज्य मछली चिताला और एक लाख भारतीय मेजर कार्प की अंगुलिकाएं छोड़ी जाएंगी। मत्स्य विभाग की इस पहल का उद्देश्य नदी के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के साथ मछलियों की घटती संख्या को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में महापौर अशोक तिवारी और जिला पंचायत प्रशासक पूनम मौर्या मौजूद रहेंगी। मत्स्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि रिवर रैंचिंग के माध्यम से चिताला मछली के संरक्षण और संवर्धन को गति मिलेगी। इसके साथ ही गंगा की जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि चिताला जैसी मछलियां नदी के जलीय पारिस्थितिकी तंत्र का अहम हिस्सा हैं। इनकी संख्या बढ़ने से जलीय खाद्य शृंखला मजबूत होगी और नदी की प्राकृतिक व्यवस्था को बनाए रखने में सहायता मिलेगी। मछलियों की उपलब्धता बढ़ने से मछुआरों और मत्स्य पालकों की आजीविका को भी लाभ पहुंचेगा।
डिप्टी डायरेक्टर के मुताबिक, सरकार नदी के पर्यावरणीय संतुलन के साथ मत्स्य क्षेत्र से जुड़े लोगों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने पर भी ध्यान दे रही है। मछलियां न केवल जलीय पारिस्थितिकी को संतुलित रखने में भूमिका निभाती हैं, बल्कि लोगों के लिए प्रोटीनयुक्त पौष्टिक आहार का भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं। रिवर रैंचिंग के जरिए गंगा में मछलियों का प्राकृतिक भंडार बढ़ाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
