करीब दो घंटे तक परखी मैदान, पिच और दर्शक दीर्घा की गुणवत्ता, 15 दिन में लगेंगे सोलर पैनल
वाराणसी (रणभेरी): काशी के क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब जल्द खत्म होने की उम्मीद है। राजातालाब के गंजारी में बनकर तैयार हो रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बड़े मुकाबलों की मेजबानी की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बुधवार को आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने स्टेडियम पहुंचकर करीब एक घंटा 57 मिनट तक निरीक्षण किया। शाम 6:10 बजे पहुंचे जय शाह रात 8:07 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। इस दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
स्टेडियम पहुंचने पर परिसर में शिव तांडव स्तोत्रम की धुन गूंज रही थी। जय शाह ने मैदान, पिच और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने दर्शक दीर्घा में लगी कुर्सियों पर बैठकर उनकी गुणवत्ता और दर्शकों के बैठने की सुविधा को परखा। साथ ही यह भी देखा कि मैच के दौरान दर्शकों को किस तरह का अनुभव मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैदान की आउटफील्ड, जल निकासी व्यवस्था, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर और प्रसारण केंद्र की तैयारियों को देखा। कैमरे लगाने के स्थान, प्रसारण से जुड़ी तकनीकी व्यवस्थाओं और खिलाड़ियों व दर्शकों के प्रवेश तथा निकास की व्यवस्था की भी जानकारी ली।
दूसरी बार अध्यक्ष बनने के बाद पहला वाराणसी दौरा
दूसरी बार निर्विरोध आईसीसी चेयरमैन चुने जाने के बाद जय शाह का यह पहला वाराणसी दौरा रहा। ऐसे में उनके निरीक्षण को गंजारी स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जय शाह का दूसरा कार्यकाल दिसंबर 2030 तक रहेगा। उनके दौरे से स्टेडियम की तैयारियों को लेकर भी उम्मीदें बढ़ी हैं।
15 दिन में लगेंगे सोलर पैनल
निरीक्षण के दौरान जय शाह ने स्टेडियम में बिजली की खपत और डीजल पर होने वाले खर्च को कम करने के लिए सोलर पैनल लगाने का सुझाव दिया। इस दिशा में राज्य सरकार की इकाई यूपीनेडा काम कर रही है। अगले 15 दिनों के भीतर सोलर पैनल लगाने का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे बिजली की बचत के साथ जनरेटर पर निर्भरता भी कम होगी।
दिसंबर में होंगे कूच बिहार ट्रॉफी के दो मुकाबले
गंजारी स्टेडियम को कूच बिहार ट्रॉफी के दो मुकाबले आवंटित किए गए हैं। तीन से छह दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और पुडुचेरी की टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं, 11 से 14 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच मुकाबला खेला जाएगा। ये मैच स्टेडियम में आयोजित होने वाले शुरुआती बड़े क्रिकेट आयोजनों में शामिल होंगे।
इन मुकाबलों के सफल आयोजन से भविष्य में वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी का रास्ता खुल सकता है। इसके लिए मैदान, खिलाड़ियों की सुविधाओं और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं की गुणवत्ता अहम होगी।
काशी की सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखकर तैयार किए जा रहे इस स्टेडियम में डमरू के आकार का मीडिया सेंटर और त्रिशूल की आकृति वाले फ्लड लाइट टावर विशेष आकर्षण हैं। कूच बिहार ट्रॉफी के मुकाबलों के साथ गंजारी स्टेडियम में बड़े क्रिकेट आयोजनों का सिलसिला शुरू होने जा रहा है।
शिलान्यास के बाद बीते 1152 दिन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को करीब 450 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की आधारशिला रखी थी। शिलान्यास के बाद अब तक 1152 दिन बीत चुके हैं। स्टेडियम के तैयार होने और यहां बड़े मुकाबलों के आयोजन से पूर्वांचल में क्रिकेट को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
