BHU ट्रॉमा सेंटर में महिला की पिटाई का वीडियो वायरल, जूली ने 5-6 सुरक्षाकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप

BHU ट्रॉमा सेंटर में महिला की पिटाई का वीडियो वायरल, जूली ने 5-6 सुरक्षाकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप

पांच-छह सुरक्षाकर्मियों पर बाल पकड़कर घसीटने और रॉड से पीटने का आरोप, गार्ड ने भी महिला के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

वाराणसी (रणभेरी): बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में एक महिला के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वायरल वीडियो में एक सुरक्षाकर्मी महिला को धक्का देते हुए घसीटता और मारपीट करता दिखाई दे रहा है। महिला की पहचान जूली के रूप में हुई है। जूली ने ट्रॉमा सेंटर के सुरक्षाकर्मियों पर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरी ओर सुरक्षाकर्मी मोहम्मद हैदर खान ने भी जूली के खिलाफ लंका थाने में मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।

जूली के मुताबिक, वह अपने परिचित सुनील कुमार को डॉक्टर को दिखाने और उनकी टू-डी जांच कराने के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंची थीं। डॉक्टर ने जांच रिपोर्ट देखने के बाद ऑपरेशन की तारीख देने की बात कही थी। इसके लिए वह पिछले दो-तीन दिनों से अस्पताल के चक्कर लगा रही थीं। शुक्रवार को जांच कराने के बाद सोमवार को रिपोर्ट दिखाने पहुंचीं।

BHU ट्रॉमा सेंटर में महिला की पिटाई का वीडियो वायरल, जूली ने 5-6 सुरक्षाकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप

जूली का आरोप है कि ओपीडी में मरीजों की कतार और नंबर को लेकर सुरक्षाकर्मी मनमानी कर रहे थे। सुनील कुमार का नंबर 192 था। नंबर आने पर वह पर्चा लेने पहुंचीं तो एक सुरक्षाकर्मी पर्चा लेकर उन्हें इधर-उधर दौड़ाने लगा। उन्होंने कई बार हाथ जोड़कर पर्चा देने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। इसके बाद उन्हें कंट्रोल रूम ले जाया गया, जहां उन पर दलाली करने का आरोप लगाया गया।

जरूरतमंद मरीजों की मदद करने का किया दावा

जूली का कहना है कि वह गरीब और जरूरतमंद मरीजों की मदद करती हैं। जिन मरीजों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं होता, उनके इलाज के लिए एस्टीमेट के माध्यम से आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास करती हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता के दुर्घटना में घायल होने पर एस्टीमेट के जरिए करीब 3.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर कराई थी। मां के इलाज के दौरान भी डॉक्टरों ने उनकी मदद की थी।

पांच-छह सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट का आरोप

जूली ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान शुरुआत में दो-तीन सुरक्षाकर्मी मौजूद थे, लेकिन बाद में पांच-छह सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। उनका आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने बाल पकड़कर उन्हें घसीटा, दीवार से टकराया और पेट में लात मारी। इसके बाद जमीन पर गिराकर रॉड से भी पीटा गया।

मामले में दोनों पक्षों की ओर से आरोप लगाए गए हैं। एक तरफ महिला ने सुरक्षाकर्मियों पर गंभीर मारपीट का आरोप लगाया है, तो दूसरी तरफ सुरक्षाकर्मी ने भी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वायरल वीडियो के बाद अस्पताल परिसर में हुई इस घटना को लेकर मामला चर्चा में है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *