खड़े ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार बाइक, दो युवक गंभीर रूप से घायल

खड़े ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार बाइक, दो युवक गंभीर रूप से घायल

वाराणसी (रणभेरी): रोहनिया थाना क्षेत्र के भदवर चौकी अंतर्गत हैरिटेज हॉस्पिटल के सामने नेशनल हाईवे पर बुधवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक सुपर स्प्लेंडर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई।

हादसे की सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर घायलों की पहचान की। घायलों में मिसाल गुप्ता (22) पुत्र भैयालाल, निवासी पहाड़िया रमरेपुर तथा सूरज शर्मा (30), निवासी बिरना, थाना धानापुर, अमरा, जनपद चंदौली शामिल हैं। इनमें मिसाल गुप्ता की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद एनएचएआई की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को मौके से हटवाकर भदवर चौकी पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि हादसे में घायल दोनों युवकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *