रोटावेटर की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, खेत में मचा कोहराम

रोटावेटर की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, खेत में मचा कोहराम

चोलापुर के महमूदपुर गांव में गेहूं की बुवाई के दौरान हुआ हादसा, ट्रैक्टर मालिक और उसका बेटा हिरासत में

वाराणसी (रणभेरी): चोलापुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में मंगलवार शाम गेहूं की बुवाई के दौरान दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर की चपेट में आने से किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर और रोटावेटर को कब्जे में लेते हुए ट्रैक्टर मालिक जगन्नाथ उर्फ जग्गन राजभर और उनके पुत्र रोहित राजभर को हिरासत में लिया है।

मृतक की पहचान चोलापुर के खुटहां गांव निवासी सियाराम राजभर के 15 वर्षीय पुत्र आशु राजभर के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ उर्फ जग्गन राजभर का ट्रैक्टर महमूदपुर निवासी शिवपूजन यादव के खेत में गेहूं की बुवाई कर रहा था। इसी दौरान आशु ट्रैक्टर के पास पहुंच गया। ट्रैक्टर चला रहे रोहित राजभर के मुताबिक, आशु पीछे से रोटावेटर पर पैर रखकर ट्रैक्टर पर बैठने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच उसका पैर फिसल गया और वह रोटावेटर की चपेट में आ गया।

हालांकि, घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि आशु ट्रैक्टर पर बैठा था और उतरते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे वह रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

आशु सुमित्रा मेमोरियल रामपुर मदनावीर विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता सियाराम मुंबई में मजदूरी करते हैं और इन दिनों घर आए हुए हैं। वहीं, उसकी मां उर्मिला देवी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की नेता हैं।

बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची चोलापुर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ट्रैक्टर मालिक और उनके पुत्र से पूछताछ कर रही है। हादसे की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *