20 सेकेंड का वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप, चीफ प्रॉक्टर ने जांच के लिए मांगी रिपोर्ट
वाराणसी (रणभेरी): बीएचयू ट्रॉमा सेंटर परिसर में सोमवार देर शाम एक महिला के साथ सुरक्षाकर्मी की ओर से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का करीब 20 सेकेंड का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में वर्दी पहने एक सुरक्षाकर्मी महिला को धक्का देने के बाद उसके बाल पकड़कर घसीटता और लात-घूंसों से मारता दिखाई दे रहा है। मौके पर मौजूद लोग उसे रोकने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह नहीं माना। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वायरल वीडियो में गले में बैग लटकाए एक महिला जमीन पर गिरी दिखाई दे रही है। कुछ देर बाद वह उठकर सुरक्षाकर्मी के पास पहुंचती है और किसी बात का विरोध करती नजर आती है। इसी दौरान सुरक्षाकर्मी उसका बाल पकड़कर घसीटने लगता है और मारपीट करता है। वीडियो में उसकी आवाज भी सुनाई दे रही है। आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते हैं, लेकिन सुरक्षाकर्मी महिला के साथ मारपीट जारी रखता है।
पांच-छह मरीजों को दिखाने के बाद दोबारा पहुंची थी महिला
बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, महिला ट्रॉमा सेंटर में पांच-छह मरीजों को दिखाने के बाद दोबारा मरीज दिखवाने पहुंची थी। इस पर सुरक्षाकर्मी ने आपत्ति जताई तो महिला ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। नगवा पुलिस चौकी से पहुंचे पुलिसकर्मी महिला को अपने साथ ले गए थे। वहां भी महिला की ओर से पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद उसे लंका थाने ले जाया गया, जहां समझाने के बाद वापस भेज दिया गया।
चीफ प्रॉक्टर के मुताबिक, ट्रॉमा सेंटर लौटने पर महिला ने सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की। हालांकि, घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है।
डिप्टी चीफ प्रॉक्टर से मांगी रिपोर्ट
चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि मामले में ट्रॉमा सेंटर के डिप्टी चीफ प्रॉक्टर से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद विश्वविद्यालय के नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रोजाना पहुंचते हैं बड़ी संख्या में मरीज
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर परिसर में आर्थोपेडिक ओपीडी के अलावा दंत और मनोचिकित्सा विभाग की ओपीडी भी संचालित होती है। यहां बिहार और पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। मरीजों और तीमारदारों की भीड़ को देखते हुए परिसर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रहती है। ऐसे में परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
