अगले 24 घंटे में बदल सकता है मौसम का मिजाज, बादलों की आवाजाही के साथ चलेंगी तेज हवाएं
वाराणसी (रणभेरी): पूर्वांचल में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। ठंडक की दस्तक के साथ ही तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। इस बीच बंगाल की खाड़ी में सक्रिय अकवान चक्रवात का प्रभाव भी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल तक पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवातीय बादलों की आवाजाही और वातावरण में बढ़ती नमी के चलते अगले 24 घंटे में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही ठंड बढ़ने और कोहरे का प्रकोप तेज होने की संभावना है।
पिछले कुछ दिनों से बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय गतिविधियां सक्रिय हैं। पहले अर्नब और अब अकवान चक्रवात का असर दक्षिणी क्षेत्रों में देखने को मिल रहा था, लेकिन अब इसकी सक्रियता उत्तर की ओर बढ़ रही है। चक्रवातीय बादलों का प्रभाव ओडिशा से लेकर झारखंड तक बना हुआ है। हवाओं का रुख भी कुछ पछुआ है। ऐसे में इसके प्रभाव से पूर्वांचल में बादलों की आवाजाही बढ़ने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में चक्रवात की सक्रियता समुद्र में बनी हुई दिखाई दे रही है, लेकिन इसके प्रभाव का विस्तार मैदानी इलाकों तक हो रहा है। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक इसका व्यापक असर पहुंचने की संभावना कम है, लेकिन पूर्वांचल में मौसम का रुख प्रभावित हो सकता है। वातावरण में नमी बढ़ने से गलन और कोहरे की स्थिति भी मजबूत होने के आसार हैं।
सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज
बीते 24 घंटों में तापमान में गिरावट का असर साफ दिखाई दिया। अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान गिरकर 14.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। इस दौरान वातावरण में आर्द्रता का स्तर न्यूनतम 69 और अधिकतम 74 प्रतिशत दर्ज किया गया।
पूरे सप्ताह कोहरे के आसार
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट के संकेत दिए हैं। साथ ही पूरे सप्ताह कोहरे की सक्रियता बने रहने का अनुमान जताया है। चक्रवातीय बादलों की आवाजाही, पछुआ हवाओं और वातावरण में नमी के संयुक्त प्रभाव से सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में पूर्वांचल में सर्दी की सक्रियता और बढ़ने के आसार हैं।
