काशी की हवा में घुल रहा जहर, स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में 34वें पायदान पर पहुंचा बनारस

काशी की हवा में घुल रहा जहर, स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में 34वें पायदान पर पहुंचा बनारस

वाहनों का धुआं, उड़ती धूल और कूड़ा-पराली का जलना बढ़ा रहा प्रदूषण; कई इलाकों में एक्यूआई 350 के पार, सांस के मरीजों की बढ़ रही मुश्किलें

वाराणसी (रणभेरी): धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी की हवा साल-दर-साल जहरीली होती जा रही है। वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के दावों के बीच स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की रैंकिंग में शहर की लगातार गिरती स्थिति चिंता बढ़ाने वाली है। वर्ष 2023 में तीसरे स्थान पर रहा वाराणसी 2024 में नौवें, 2025 में 11वें और 2026 में 34वें स्थान पर पहुंच गया। वाहनों का धुआं, सड़कों पर उड़ती धूल, जाम, जलता कूड़ा और ग्रामीण इलाकों में पराली का धुआं हवा को प्रदूषित कर रहा है। हालात यह हैं कि शहर के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 350 के आसपास पहुंच गया है। इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। सांस और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की परेशानी बढ़ रही है।

सोमवार को 297 एक्यूआई के साथ वाराणसी प्रदेश का सर्वाधिक प्रदूषित शहर रहा। वहीं मंगलवार को नदेसर, भगवानपुर, दुर्गाकुंड और निराला नगर में एक्यूआई 342 से 351 के बीच दर्ज किया गया। लगातार बिगड़ती हवा के बावजूद प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।

जाम में फंसकर धुआं उगल रहे वाहन

शहर में वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन पुराने वाहनों को सड़क से हटाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं दिख रही। 10 से 15 साल पुराने डीजल और पेट्रोल वाहन भी सड़कों पर दौड़ रहे हैं। वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण शहर का आधे से अधिक हिस्सा रोजाना जाम की चपेट में रहता है। जाम में फंसे वाहन लगातार धुआं छोड़ते हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर बढ़ता है। चौराहों पर अतिक्रमण की वजह से यातायात व्यवस्था और बदहाल हो जाती है।

गंगा में चलने वाली कई नावों से निकलने वाला धुआं भी प्रदूषण बढ़ा रहा है। इसके अलावा चितईपुर और बाहरी इलाकों में संचालित फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं तथा निर्माण कार्यों के दौरान उड़ने वाली धूल भी हवा की गुणवत्ता खराब कर रही है।

इन इलाकों में जाम और प्रदूषण की दोहरी मार

भोजूबीर, कचहरी, अर्दली बाजार, पांडेयपुर, सिगरा, अंधरापुल, भेलूपुर, चेतगंज, मंडुवाडीह, रथयात्रा और महमूरगंज में प्रभावी यातायात कार्ययोजना के अभाव में रोजाना जाम लगता है। इन इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें प्रदूषण को और बढ़ा रही हैं। कैंट स्टेशन, कचहरी, भोजूबीर चौराहा, अंधरापुल, महमूरगंज और मंडुवाडीह में यातायात का दबाव सबसे अधिक रहता है। इसके बावजूद इन क्षेत्रों में प्रदूषण की निगरानी के लिए मापक यंत्र नहीं लगाए गए हैं।

फिलहाल मलदहिया, अर्दली बाजार, भेलूपुर और बीएचयू में ही वायु गुणवत्ता मापक यंत्र लगे हैं। शहर के प्रमुख यातायात केंद्रों पर निगरानी व्यवस्था का विस्तार नहीं होने से कई इलाकों की वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ पाती।

शहर में कूड़ा, गांवों में पराली जलाने से बढ़ रहा प्रदूषण

बढ़ती आबादी के साथ शहर में प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े की मात्रा भी बढ़ रही है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था के तहत पूरे कूड़े का समुचित निस्तारण नहीं हो पा रहा है। कई स्थानों पर कूड़ा खुले में जला दिया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पराली जलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। अराजी लाइन के लालपुर और सेवापुरी विकासखंड के भीखमपुर में पराली जलाने के मामले सामने आए हैं। कूड़े और पराली से निकलने वाला धुआं हवा में प्रदूषण की मात्रा बढ़ा रहा है।

नवंबर में कई दिनों तक रेड जोन में रहा एक्यूआई

नवंबर में शहर के अलग-अलग निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता की स्थिति चिंताजनक रही। मलदहिया में नौ नवंबर को एक्यूआई 311 दर्ज किया गया। 15 नवंबर से यह लगातार 239 से ऊपर बना हुआ है। भेलूपुर में भी 15 नवंबर से एक्यूआई 237 के पार है। अर्दली बाजार में 15 नवंबर को एक्यूआई 216 और 16 नवंबर को 225 दर्ज किया गया, जो रेड जोन की स्थिति दर्शाता है। हालांकि बीएचयू में आठ और नौ नवंबर को छोड़कर अन्य दिनों में एक्यूआई 181 से नीचे रहा।

सामूहिक प्रयास से ही सुधरेगी हवा

नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि एक्यूआई के स्तर की जानकारी देने के लिए चौराहों पर डिजिटल स्क्रीन डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं। इनसे मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर प्रतिदिन स्प्रिंकलर के माध्यम से पानी का छिड़काव कराया जाता है। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए हर स्तर पर प्रयास करने की जरूरत है। सामूहिक भागीदारी से पौधारोपण को बढ़ावा देना भी जरूरी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *