अप्रेंटिस अभ्यर्थियों का रेलवे बोर्ड मुख्यालय पर धरना जारी, नौकरी में नियमानुसार लाभ देने की मांग

अप्रेंटिस अभ्यर्थियों का रेलवे बोर्ड मुख्यालय पर धरना जारी, नौकरी में नियमानुसार लाभ देने की मांग

वाराणसी (रणभेरी): रेलवे में नौकरी की मांग को लेकर अप्रेंटिस प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों का धरना प्रदर्शन मंगलवार, 17 नवंबर को भी जारी रहा। रेलवे बोर्ड मुख्यालय पर जुटे युवाओं ने आरोप लगाया कि प्रशिक्षण पूरा करने के बावजूद उन्हें रेलवे की भर्तियों में पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित नियमों के तहत मिलने वाले लाभ भी उन्हें नहीं दिए जा रहे हैं।

प्रदर्शनकारी युवाओं के मुताबिक, रेलवे की ग्रुप डी भर्ती CEN 08/2024 में अप्रेंटिस प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को नियमानुसार मिलने वाला लाभ नहीं दिया जा रहा है। इसी मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने पहले भी धरना प्रदर्शन किया था। उस दौरान रेल अधिकारियों ने दीपावली की छुट्टियों का हवाला देते हुए मामले का अवलोकन करने और उचित स्तर पर विचार करने का आश्वासन दिया था।

अभ्यर्थियों का कहना है कि अधिकारियों की ओर से आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे नाराज युवाओं ने एक बार फिर आंदोलन शुरू कर दिया है। उनका आरोप है कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद भी भर्ती प्रक्रिया में उचित लाभ नहीं मिलने से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि CEN 08/2024 की भर्ती में अप्रेंटिस अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार उनका अधिकार दिया जाए। युवाओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका धरना और संघर्ष जारी रहेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *