16 दिसंबर से श्रद्धालुओं में वितरित होगा धान की बालियों का प्रसाद, अन्न-समृद्धि की कामना के साथ काशी में उमड़ेंगे भक्त
वाराणसी (रणभेरी): धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में मां अन्नपूर्णा की आराधना का विशेष पर्व 29 नवंबर से शुरू होगा। अन्नपूर्णा मंदिर में मां भगवती का 17 दिवसीय वार्षिक व्रत रविवार से प्रारंभ होकर 15 दिसंबर, मंगलवार को संपन्न होगा। मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर मां अन्नपूर्णा का धान की बालियों से भव्य और दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसके अगले दिन 16 दिसंबर, बुधवार से श्रद्धालुओं में धान की बालियों का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
मंदिर के पीठाधीश्वर महंत शंकर पुरी महाराज ने व्रत की तिथियों की घोषणा करते हुए भक्तों को इसकी जानकारी दी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी मां के वार्षिक व्रत और विशेष श्रृंगार को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। काशी के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से भक्त मां अन्नपूर्णा के दर्शन और धान की बालियों का प्रसाद प्राप्त करने पहुंचते हैं।

अन्न और समृद्धि की अधिष्ठात्री हैं मां अन्नपूर्णा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां अन्नपूर्णा को अन्न, धन-धान्य और समृद्धि की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है। मान्यता है कि उनकी कृपा से किसी भी घर में अन्न का अभाव नहीं रहता। काशी में मां अन्नपूर्णा का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। उन्हें भगवान शिव की अन्नपूर्णा शक्ति और समस्त संसार का भरण-पोषण करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है।
पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार भगवान शिव ने संसार को माया बताते हुए अन्न को भी माया का स्वरूप कहा था। इस पर माता पार्वती ने संसार से अन्न का लोप कर दिया। देखते ही देखते धरती पर अकाल जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। मनुष्य और जीव-जंतु अन्न के अभाव में व्याकुल हो उठे। तब भगवान शिव को अन्न के महत्व का एहसास हुआ और वे काशी पहुंचे। यहां माता पार्वती मां अन्नपूर्णा के रूप में प्रकट हुईं और उन्होंने भगवान शिव को अपने हाथों से अन्न प्रदान किया। तभी से मां अन्नपूर्णा को समस्त संसार का पोषण करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है।
धान की बालियों के प्रसाद का विशेष महत्व
मां अन्नपूर्णा के वार्षिक व्रत के समापन पर होने वाले धान की बालियों के श्रृंगार का विशेष धार्मिक महत्व है। धान की बालियों को नई फसल, खुशहाली और अन्न-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। मां के भव्य श्रृंगार के बाद श्रद्धालुओं को वितरित की जाने वाली बालियों को भक्त श्रद्धापूर्वक अपने घर ले जाते हैं।
मान्यता है कि धान की इन बालियों को घर के अन्न भंडार या पूजा स्थल पर रखने से मां अन्नपूर्णा की कृपा बनी रहती है। इससे घर में सुख-समृद्धि और अन्न-धन की वृद्धि होती है। यही वजह है कि मां के इस विशेष प्रसाद को पाने के लिए काशी के साथ ही दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं।
