वाराणसी (रणभेरी): सनातन धर्म में प्रकृति और अध्यात्म के समन्वय का प्रतीक अक्षय नवमी यानी आंवला नवमी का पर्व बुधवार, 18 नवंबर को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व पर आंवले के वृक्ष की पूजा, जप, तप, दान और पितरों के निमित्त तर्पण का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन किए गए पुण्य कर्मों का फल कभी समाप्त नहीं होता, बल्कि जन्म-जन्मांतर तक अक्षय रहता है।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पांडेय के अनुसार, कार्तिक शुक्ल नवमी तिथि 17 नवंबर की रात 1 बजकर 21 मिनट पर शुरू होकर 18 नवंबर की रात 2 बजकर 12 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि की मान्यता के अनुसार अक्षय नवमी का पर्व 18 नवंबर, बुधवार को मनाया जाएगा। इस दिन सुबह से दोपहर 1 बजकर 46 मिनट तक आंवले के वृक्ष का पूजन करना विशेष फलदायी रहेगा।
धार्मिक और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार अक्षय नवमी को त्रेतायुग के आरंभ की तिथि भी माना जाता है। पद्म पुराण और स्कंद पुराण में आंवले के वृक्ष की महिमा का उल्लेख मिलता है। मान्यता है कि आंवले के वृक्ष की जड़ में भगवान विष्णु का वास होता है। इसमें तुलसी और बेल के समान दिव्य गुण भी समाहित हैं। पौराणिक कथा के अनुसार, माता लक्ष्मी की भगवान विष्णु और भगवान शिव की एक साथ आराधना करने की इच्छा के फलस्वरूप आंवले के वृक्ष की उत्पत्ति हुई थी।
इस पर्व पर आंवले के वृक्ष के नीचे बैठकर सात्विक भोजन करने और ब्राह्मणों को भोजन कराने की परंपरा है। मान्यता है कि इससे अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्य प्राप्त होता है। श्रद्धालु आंवले के वृक्ष को जल अर्पित कर 108 बार परिक्रमा करते हैं और षोडशोपचार विधि से पूजन करते हैं। धार्मिक विश्वास है कि ऐसा करने से पापों का नाश होता है और पितरों को मुक्ति मिलती है।
पूजन के बाद कुष्मांड यानी पेठे में स्वर्ण, रजत अथवा धन रखकर गुप्त दान करने का भी विधान है। मान्यता है कि इस दान से वंश वृद्धि, आरोग्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। इस प्रकार अक्षय नवमी प्रकृति के संरक्षण, धार्मिक आस्था और दान-पुण्य की परंपरा को एक सूत्र में पिरोने वाला महत्वपूर्ण पर्व है।
