वाराणसी (रणभेरी): देव दीपावली पर काशी के गंगा घाटों की अलौकिक छटा निहारने के लिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए होटल कारोबारियों ने कमरों का किराया पांच से दस गुना तक बढ़ा दिया है। आलम यह है कि बड़े स्टार होटलों में एक कमरे का किराया एक लाख रुपये तक पहुंच गया है, जबकि सामान्य स्टार होटलों में भी कमरों के लिए 45 से 50 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। गंगा किनारे स्थित होटल, गेस्ट हाउस, पेइंग गेस्ट हाउस और होमस्टे संचालकों ने भी पर्यटकों की बढ़ती मांग को देखते हुए किराये में भारी इजाफा किया है।
शहर के प्रमुख स्टार होटलों में कमरों की उपलब्धता लगभग खत्म हो गई है। ट्रैवल्स संचालकों ने छह महीने पहले ही बड़ी संख्या में कमरे बुक करा लिए थे, ताकि अपने पर्यटक समूहों के लिए ठहरने की व्यवस्था कर सकें। इसके चलते अंतिम समय में काशी पहुंचने वाले पर्यटकों को कमरों के लिए भटकना पड़ रहा है। कई पर्यटक होटल में कमरा पाने के लिए सिफारिश और जुगाड़ का सहारा ले रहे हैं। होटल किराये में बेतहाशा वृद्धि के बावजूद जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से पर्यटकों की परेशानी बढ़ गई है।
दरअसल, देव दीपावली पर गंगा घाटों को 11 लाख दीपों से रोशन करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन को गंगा घाटों के साथ शहर के प्रमुख मंदिरों में भी भव्य दीपोत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस आयोजन को देखने के लिए हजारों की संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों के काशी पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए होटल संचालकों ने कमरों के किराये में कई गुना बढ़ोतरी कर दी है। जिन कमरों का सामान्य दिनों में किराया 10 से 20 हजार रुपये था, उनके लिए अब एक लाख रुपये तक मांगे जा रहे हैं। वहीं, पांच से सात हजार रुपये वाले कमरों का किराया बढ़ाकर 45 से 50 हजार रुपये कर दिया गया है।
पांच से छह लाख रुपये में बुक हो रहे बड़े बजड़े
देव दीपावली पर सिर्फ होटल ही नहीं, बल्कि नौका विहार भी पर्यटकों की जेब पर भारी पड़ने वाला है। बड़े बजड़े पांच से छह लाख रुपये तक में बुक किए जा रहे हैं, जबकि मीडियम बजड़ों का किराया करीब तीन लाख रुपये तक पहुंच गया है। छोटे नाव संचालक भी पर्यटकों की मांग को देखते हुए मनमाना किराया मांग रहे हैं। ट्रैवल्स संचालक पर्यटकों के लिए होटल में ठहरने से लेकर गाड़ी और गंगा में नौका विहार तक की पूरी व्यवस्था कर रहे हैं। पहले से बुकिंग कराने वाले संचालकों को इस दौरान मोटा मुनाफा होने की उम्मीद है।
गंगा आरती से सारनाथ भ्रमण तक के विशेष पैकेज
पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए होटल और ट्रैवल्स संचालकों ने विशेष पैकेज तैयार किए हैं। इनमें पारंपरिक काशी के खानपान, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ गंगा आरती के दर्शन को शामिल किया गया है। इसके अलावा नौका विहार, घाटों का भ्रमण, सारनाथ की सैर और काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन की सुविधा भी पैकेज का हिस्सा है। पर्यटकों को कम समय में शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचाने के लिए वाहन और स्थानीय गाइड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
नावों की मरम्मत और सजावट में जुटे नाविक
देव दीपावली पर गंगा में नौका विहार की मांग बढ़ने के मद्देनजर नाविकों ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। नावों की मरम्मत, रंगाई-पोताई और आकर्षक सजावट की जा रही है, ताकि पर्यटकों को गंगा की लहरों से घाटों की दीपमालिका का नजारा दिखाया जा सके। हालांकि, इस दौरान नावों पर क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, यात्रियों को लाइफ जैकेट नहीं देने और निर्धारित क्षेत्र से बाहर नौका संचालन जैसी लापरवाहियों पर रोक लगाना जरूरी होगा। गंगा में नावों की बढ़ती संख्या के बीच टक्कर और अनियंत्रित संचालन रोकना भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की होगी अग्निपरीक्षा
देव दीपावली पर लाखों लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन प्रशासन के लिए बड़ी परीक्षा साबित होगा। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर पुलिस की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित करना जरूरी होगा। वहीं, गंगा में जल पुलिस और गोताखोरों की सक्रियता के साथ नावों के संचालन की निगरानी भी महत्वपूर्ण रहेगी। घाटों पर भगदड़, दुर्घटनाओं और गंगा में किसी अनहोनी को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने होंगे। भव्य आयोजन के बीच पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी।
