चंद्रशेखर-ओवैसी के गठबंधन पर रोहिणी घावरी का तीखा हमला, बोलीं- यूपी में एक सीट जीतकर दिखा दें, फिर जो कहेंगे करूंगी

चंद्रशेखर-ओवैसी के गठबंधन पर रोहिणी घावरी का तीखा हमला, बोलीं- यूपी में एक सीट जीतकर दिखा दें, फिर जो कहेंगे करूंगी

कहा- सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का चुनावी नतीजा जीरो रहेगा; गठबंधन को बताया भाजपा की बी-टीम, ओवैसी से पूछा- मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान क्यों नहीं किया?

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन पर रोहिणी घावरी ने तीखा हमला बोला है। रोहिणी ने तीन मिनट का वीडियो जारी कर गठबंधन को चुनौती दी कि चंद्रशेखर और ओवैसी का सामाजिक परिवर्तन मोर्चा यूपी में एक सीट जीतकर दिखा दे। इसके बाद चंद्रशेखर उनसे जो भी कहेंगे, वह करने के लिए तैयार हैं।

दरअसल, गुरुवार को AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का ऐलान किया। गठबंधन ने 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। इसी को लेकर रोहिणी ने दोनों नेताओं की राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठाए।

दिल्ली और बिहार का उदाहरण देकर गठबंधन पर निशाना

रोहिणी ने कहा कि दिल्ली और बिहार में भी दोनों दलों के बीच गठबंधन हुआ था, लेकिन उसका चुनावी नतीजा शून्य रहा। अब उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन किया गया है। यहां भी इसका परिणाम जीरो ही रहेगा।

उन्होंने ओवैसी के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि कल तक वह अखिलेश यादव से सवाल कर रहे थे कि मुस्लिम समाज से मुख्यमंत्री कब बनेगा और अब्दुल कब तक दरी बिछाएगा। लेकिन अब उन्होंने खुद चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर दिया है।

ओवैसी से पूछा- मुस्लिम मुख्यमंत्री का ऐलान क्यों नहीं किया?

रोहिणी ने ओवैसी के मुस्लिम हितैषी होने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि अगर गठबंधन का मकसद सामाजिक न्याय और सभी वर्गों को राजनीतिक हिस्सेदारी देना है, तो सरकार बनने पर ढाई साल दलित और ढाई साल मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा क्यों नहीं की गई?

चंद्रशेखर-ओवैसी के गठबंधन पर रोहिणी घावरी का तीखा हमला, बोलीं- यूपी में एक सीट जीतकर दिखा दें, फिर जो कहेंगे करूंगी

उन्होंने चंद्रशेखर को दलितों का नेता बताए जाने पर भी आपत्ति जताई। रोहिणी ने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर ने बसपा प्रमुख मायावती के खिलाफ साजिश की और उनके विरोध में किताबें बंटवाईं। उनके मुताबिक, इस गठबंधन के जरिए दलितों और मुसलमानों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।

गठबंधन को बताया भाजपा की बी-टीम

रोहिणी ने चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाए जाने पर तंज कसते हुए कहा कि गठबंधन की घोषणा के दौरान उनके चेहरे पर मुख्यमंत्री बनने की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। उन्होंने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को भाजपा की बी-टीम करार दिया। रोहिणी का कहना है कि उत्तर प्रदेश की जनता और मुस्लिम समाज अच्छी तरह जानते हैं कि उन्हें किसके साथ खड़ा होना है। उन्होंने गठबंधन की चुनावी सफलता पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका कोई खास असर नहीं पड़ेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *