खतरनाक घाटों पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड, गहरे पानी में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के किए जा रहे इंतजाम
वाराणसी (रणभेरी): लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो गई है। चार दिवसीय पर्व को लेकर वाराणसी में गंगा किनारे स्थित 84 घाटों पर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। करीब आठ किलोमीटर के दायरे में फैले घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। गुरुवार को नगर आयुक्त ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर निगम की ओर से घाटों पर जमी सिल्ट हटाने के साथ कूड़ा उठान और सफाई का काम कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। दिन में कई बार कूड़ा उठाने की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके अलावा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सुबह और शाम के समय श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि महापौर और नगर आयुक्त लगातार घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। जहां कहीं सिल्ट या गीलापन है, वहां घाटों का समतलीकरण कराया जा रहा है। जरूरत के अनुसार बालू की बोरियां रखवाई जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में दिक्कत न हो।
महिलाओं के लिए बनेंगे 100 से अधिक चेंजिंग रूम
छठ पूजा के दौरान महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर 100 से अधिक चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं। नगर निगम के अनुसार प्रत्येक घाट पर जरूरत के मुताबिक चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। ऐसे स्थानों पर रस्सियों से घेराबंदी भी की जाएगी, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी की ओर न जाएं।

कोई घाट नहीं होगा बंद, गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता
नगर निगम के पीआरओ ने बताया कि छठ पूजा के लिए किसी भी घाट को बंद नहीं किया गया है। तुलसी घाट और ललिता घाट समेत कुछ स्थानों पर गंगा की गहराई अधिक है। ऐसे घाटों पर विशेष सावधानी बरती जा रही है। यहां चेतावनी बोर्ड लगाकर श्रद्धालुओं को गहरे पानी के प्रति आगाह किया जाएगा। पानी के अंदर भी बैरिकेडिंग कराई जाएगी, ताकि लोग निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे न बढ़ें।
नगर निगम का कहना है कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को जरूरी इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
