लोन बंद कराने के नाम पर 63 हजार की ठगी, गिरफ्तारी के लिए चार दिन से थाने में धरने पर बैठे वकील

लोन बंद कराने के नाम पर 63 हजार की ठगी, गिरफ्तारी के लिए चार दिन से थाने में धरने पर बैठे वकील

(रणभेरी): बाइक का लोन बंद कराने के नाम पर 63 हजार रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी एजेंट की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आठ वकील पिछले चार दिनों से सिविल लाइंस थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं। वकीलों का विरोध प्रदर्शन भी अनोखे अंदाज में चल रहा है। कभी फिल्मी गानों पर डांस तो कभी गजल और शायरी के जरिए पुलिस पर तंज कस रहे हैं। वकीलों ने थाने के बाहर ही दरी, गद्दे, चादर और मच्छरदानी डालकर डेरा जमा लिया है। कुर्सी-मेज के साथ माइक और लाउडस्पीकर भी लगा रखे हैं। दिवाली पर भी वे घर नहीं गए।

वकील बृजेश तिवारी के मुताबिक, उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक (UP 70 JA 3763) का लोन बंद कराने के लिए कान्हा मोटर्स के कर्मचारी अभय पांडेय से संपर्क किया था। कर्मचारी ने लोन की बकाया रकम 63,400 रुपये बताई। भुगतान के दौरान सर्वर की समस्या बताकर उसने अपने बैंक खाते में रकम जमा करा ली और इसके बदले फर्जी रसीद दे दी।

कई दिन बाद भी जब लोन खाता बंद नहीं हुआ तो बृजेश ने हीरो एजेंसी में संपर्क किया। वहां जांच में पता चला कि उनके लोन खाते में कोई रकम जमा नहीं हुई है। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस संबंध में कोई रसीद जारी नहीं की गई थी।

एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर शुरू किया धरना

बृजेश तिवारी ने एक अक्टूबर 2026 को पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद तीन नवंबर को सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज की गई। हालांकि, मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई।

इससे नाराज बृजेश तिवारी सात नवंबर को अपने साथी वकीलों के साथ दरी-बिस्तर लेकर थाने पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। धीरे-धीरे प्रदर्शन में आठ वकील शामिल हो गए। अब उन्होंने थाने के बाहर बाकायदा अस्थायी डेरा बना लिया है।

गाने और शायरी से पुलिस पर कस रहे तंज

धरने के दौरान वकीलों का अंदाज चर्चा का विषय बना हुआ है। कभी वे ‘नाकाबंदी’ गाने पर डांस करते हैं तो कभी ‘हम पागल नहीं हैं भैया, हमारा दिमाग खराब है’ की धुन पर झूमते नजर आते हैं। माइक पर गजल और शायरी भी सुनाते हैं। शायरी शुरू करने से पहले कहते हैं- ‘थाना प्रभारी जी, ये आपके लिए है।’

लोन बंद कराने के नाम पर 63 हजार की ठगी, गिरफ्तारी के लिए चार दिन से थाने में धरने पर बैठे वकील

पुलिस की ओर से कई बार वकीलों को समझाकर धरना खत्म कराने का प्रयास किया गया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े हैं। वकीलों का साफ कहना है कि जब तक आरोपी एजेंट गिरफ्तार नहीं होगा, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

आरोपी की गिरफ्तारी और 63 हजार की रिकवरी की मांग

इंस्पेक्टर राम आसरे यादव ने बताया कि तीन नवंबर को वकील बृजेश कुमार तिवारी ने बाइक लोन में धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसी मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और 63 हजार रुपये की रिकवरी की मांग को लेकर वकील थाने में प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें समझाकर धरना समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *