दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, घर की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला युवती का शव

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, घर की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला युवती का शव

दो भाइयों की इकलौती बहन थी प्रियंका, घटना से परिवार में मचा कोहराम

(रणभेरी): दीपावली के पर्व पर जिस घर में खुशियों और उत्सव की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के कुलमनपुर गांव में 19 वर्षीय युवती का शव घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कुलमनपुर गांव निवासी भारत मोदनवाल की पुत्री प्रियंका मोदनवाल (19) रविवार को घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में थी। बताया जाता है कि दीपावली के दिन परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर पर्व की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान प्रियंका की भाभी किसी काम से दूसरी मंजिल पर पहुंचीं। कमरे में प्रियंका का शव फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। उनकी चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।

परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही जंगीगंज चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दो भाइयों की इकलौती बहन थी प्रियंका

प्रियंका दो भाइयों की इकलौती बहन थी। दीपावली के दिन उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार, युवती की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *